नेपाल से उत्तर प्रदेश पहुंचाई जा रही थी चरस, मुजफ्फरपुर में DRI और बिहार STF ने तस्करों को दबोचा
मुजफ्फरपुर DRI और बिहार STF की एक संयुक्त टीम ने नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर MEMU ट्रेन से 'चरस' की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इस दौरान करीब तीन करोड़ रुपये की 3 KG चरस जब्त की गई है और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) मुजफ्फरपुर क्षेत्रीय इकाई ने बिहार पुलिस STF के साथ संयुक्त कार्रवाई की है. नेपाल से भारत में चरस की तस्करी कर उसे उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद भेजने वाले एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है. मिली जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई में लगभग 3 किलोग्राम चरस जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹3 करोड़ है. साथ ही, दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार तस्कर नेपाल से चरस की खेप लेकर मोतीहारी पहुंचा और वहां से नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर मेमू ट्रेन से मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचा, जहां से डीआरआई और बिहार एसटीएफ की टीम ने उसे पकड़ लिया. अब डीआरआई और बिहार एसटीएफ की टीम गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर चरस तस्करी का नेटवर्क खंगालने में जुटी हुई है.
टीम ने दो दिनों तक की निगरानी
दरअसल, नेपाल से भारत में चरस की तस्करी में संलिप्त एक गिरोह के संबंध में DRI मुजफ्फरपुर और STF बिहार पुलिस की टीम को सुचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद गिरोह के प्रमुख सदस्यों, उनके ठिकानों और तस्करी के तौर-तरीकों की पहचान करने के लिए डीआरआई और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा से सटे दुर्गम क्षेत्रों में लगातार दो दिनों तक निगरानी की. जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि तस्करी में संलिप्त गिरोह ने डीआरआई और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम की नजरों से बचने के लिए चरस की खेप को तस्करों ने ट्रेन के माध्यम से ले जाने की योजना बनाई थी.
उत्तर प्रदेश ले जाने की थी योजना
इस खेप को ट्रेन के जरिए मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचाया गया, जहां से तस्करों की योजना इसे किसी दूसरी ट्रेन से उत्तर प्रदेश ले जाने की थी. हालांकि, DRI और बिहार STF की एक संयुक्त टीम ने कार्रवाई की. बापूधाम मोतिहारी से मुजफ्फरपुर जा रही नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर MEMU ट्रेन में टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा और उसे मुजफ्फरपुर जंक्शन पर हिरासत में ले लिया.
मामले की जांच में जुटी टीम
पूछताछ के दौरान पकड़े गए तस्कर ने बताया कि चरस की खेप नेपाल से लाई गई थी और इसे उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में पहुंचाया जाना था. पूछताछ के बाद डीआरआई और बिहार एसटीएफ टीम की कार्रवाई करते हुए भारत-नेपाल बॉर्डर से कथित आपूर्तिकर्ता को भी गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार दोनों तस्करों के खिलाफ NDPS अधिनियम, 1985 के प्रासंगिक प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई करते डीआरआई और बिहार एसटीएफ की टीम इस अंतर्राष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है.
रिपोर्ट: मणितोष कुमार