App

अब तो स्पेशल ट्रेन का ही भरोसा: दिवाली के लिए टिकट विंडो खुलने के 10 मिनट के भीतर हो गया 'Regret', मन मसोसकर रह गए लोग

बिहार में दिवाली के लिए टिकट विंडो खुलने के 10 मिनट के भीतर 'Regret' हो गया. कुछ समय बाद IRCTC पर लोगों को Regret दिखने लगा. आलम ऐसा है कि वेटिंग में भी टिकट नहीं मिल पा रहा है.

अब तो स्पेशल ट्रेन का ही भरोसा: दिवाली के लिए टिकट विंडो खुलने के 10 मिनट के भीतर हो गया 'Regret', मन मसोसकर रह गए लोग
Image Credit: टिकट विंडो खुलते ही 10 मिनट में फुल हुईं बिहार की ट्रेनें (AI Generated Image)

दिवाली पर अगर आप भी दिल्ली या अन्य शहरों से बिहार अपने घर जाने की योजना बना रहे हैं, तो शायद आपको थोड़ी निराशा हाथ लगेगी. त्योहारों के सीजन में घर जाने के लिए ट्रेनों से सफर करना काफी मुश्किल हो गया है. आज 8 सितंबर को आईआरसीटीसी (IRCTC) पर 7 नवंबर (दिवाली 8 नवंबर) के लिए टिकट बुकिंग की विंडो ओपन हुई थी, लेकिन हालात ऐसे रहे कि महज 10 मिनट के अंदर ही बिहार जाने वाली लगभग सभी ट्रेनों की सीटें फुल हो गईं.

हजारों लोगों के हाथ लगी सिर्फ मायूसी
रेलवे के 120 दिन पहले एडवांस टिकट बुकिंग के नियम के तहत आज सुबह 8 बजे जैसे ही 7 नवंबर की यात्रा के लिए बुकिंग शुरू हुई, सर्वर पर यात्रियों की भारी भीड़ टूट पड़ी. जो लोग सुबह से ही कंप्यूटर और मोबाइल स्क्रीन पर नजरें गड़ाए बैठे थे, उन्हें भी मायूसी ही हाथ लगी. कुछ ही मिनटों में स्लीपर से लेकर थर्ड एसी, सेकेंड एसी और फर्स्ट एसी तक की सीटें बुक हो गईं और स्टेटस 'Regret' में बदल गया. अब तो वेटिंग में भी टिकट नहीं मिल पा रहा है.

प्रमुख रूटों और ट्रेनों का हाल बेहाल
IRCTC ऐप से ली गई स्क्रिनशॉट के अनुसार, दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों से बिहार के पटना, सिवान, रक्सौल, बेतिया और मुजफ्फरपुर जाने वाली किसी भी ट्रेन में जगह नहीं बची है. दिल्ली से पटना जाने के लिए  डिब्रूगढ़ राजधानी, तेजस एक्सप्रेस, नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस और संपूर्ण क्रांति जैसी प्रीमियम और सुपरफास्ट ट्रेनों में भी सीटें  तुरंत Regret हो गईं.  दिल्ली से सिवान और छपरा जाने वाली वैशाली एक्सप्रेस (15566) और बिहार संपर्क क्रांति (12566) जैसी ट्रेनों में भी सीटें Regret हो गई.

IRCTC

स्पेशल ट्रेनों से बढ़ीं यात्रियों की उम्मीदें
दिल्ली से रक्सौल या फिर बेतिया जाने के लिए सप्त क्रांति एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस में भी सीटें फुल हो गई है. चंपारण सत्याग्रह और पोरबंदर मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस में भी भारी वेटिंग देखने को मिल रही है. टिकट न मिलने से लाखों प्रवासियों की चिंता बढ़ गई है. बता दें कि हर साल दिवाली पर यूपी-बिहार जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ होती है. ऐसे में 10 मिनट में टिकट फुल होने की इस घटना ने त्योहार पर घर जाने वालों को चिंता में डाल दिया है. अब यात्रियों की आखिरी उम्मीद 'स्पेशल' ट्रेनें चलाए जाने पर टिकीं हुई हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More