दिवाली-छठ पर घर जाना हुआ आसान: दिल्ली और पटना के बीच चलेगी वंदे भारत पेस्टिवल स्पेशल ट्रेन, जाने शेड्यूल
दिवाली और छठ पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है. दिल्ली और पटना के बीच 16 कोच वाली वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. यह ट्रेन आने वाले 16 अक्टूबर से चलेगी.
यदि आप बिहार से हैं और दिवाली व छठ में घर जाना चाहते हैं, लेकिन आपको बिहार जाने के लिए टिकट नहीं मिला है, तो अब चिंता करने की कोई बात नहीं है. दिवाली और छठ पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पटना और दिल्ली के बीच 16 कोच वाली वंदे भारत ट्रेन चलाने का ऐलान किया है. यह ट्रेन फेस्टिवल स्पेशल के रूप में चलाई जाएगी. यह वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन पूरी तरह से आरक्षित होगी.
16 अक्टूबर से चलेगी
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि गाड़ी सं. 02252 नई दिल्ली-पटना वंदे भारत पेस्टिवल स्पेशल ट्रेंन शुरुआती में दिल्ली से 16 और 18 अक्टूबर को चलेगी इसके अलावा वापसी में यह ट्रेंन 02251 पटना से नई दिल्ली के लिए 17 और 19 अक्टूबर को चलेगी. वहीं, इसके बाद यह ट्रेंन 21अक्टूबर से 25 नवंबर तक हर सोमवार, बुधवार और शनिवार को पटना जंक्शन के लिए चलाई जाएगी.
दिल्ली से सुबह 8:35 बजे रवाना होगी ट्रेन
वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन से दिल्ली और बिहार के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. यह ट्रेन दिल्ली से सुबह 8 बजकर 35 मिनट पर रवाना होगी और उसी दिन रात 9 बजकर 30 मिनट पर पटना जंक्शन पहुंच जाएगी. इससे दिल्ली से पटना आने वाले यात्रियों को सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा. वहीं, वापसी में यह ट्रेन 17 और 19 अक्टूबर के अलावा 22 अक्टूबर से 26 नवंबर तक हर मंगलवार, गुरुवार और रविवार को पटना जंक्शन से सुबह 10 बजे रवाना होगी. इसके बाद यह ट्रेन उसी दिन रात 11 बजकर 30 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचेगी.
6 स्टेशनों पर होगा ठहराव
दिल्ली से पटना के बीच सफर के दौरान वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन कुल 6 स्टेशनों पर रुकेगी. इनमें अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा शामिल हैं. इन स्टेशनों पर ठहराव होने से संबंधित क्षेत्रों के यात्रियों को भी इस ट्रेन से यात्रा करने का लाभ मिलेगा. खास बात यह है कि यह ट्रेन कुंभ नगरी प्रयागराज होते हुए गुजरेगी, जिससे इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी. त्योहारों के दौरान दिल्ली से बिहार आने और बिहार से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है. ऐसे में वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलने से यात्रियों को यात्रा के लिए अन्य विक्लप मिलेगा.
रिपोर्ट: शिवम राज