)
दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र में परीक्षा देकर लौट रही एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. इस घटना में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रवीण, उसके साथी सुमित और प्रवीण के पिता जामुन मांझी समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही, पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बाइक को भी जब्त कर लिया है.
परीक्षा खत्म कर घर लौट रही थी पीड़िता
पीड़िता द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, बीते बुधवार (23 सितंबर, 2026) को वह स्कूल से अपनी परीक्षा खत्म कर घर लौट रही थी. इसी दौरान रास्ते में गांव के ही एक युवक ने उसे लिफ्ट देने के बहाने अपनी बाइक पर बैठा लिया. छात्रा उस युवक को पहले से पहचानती थी, इसलिए उसने विश्वास करके उसकी बात मान ली. दोनों युवकों ने इसी भरोसे का फायदा उठाया और छात्रा को बहला-फुसलाकर किसी दूसरे गांव ले गए, जहां उन्होंने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया.
पुलिस ने मुख्य आरोपियों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी जगुनाथ रेड्डी के निर्देश पर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात ताबड़तोड़ छापेमारी की और मुख्य आरोपियों को धर दबोचा. पुलिस इस मामले की हर एंगल से गहनता से जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर छात्रा किस परिस्थिति में युवक की बाइक पर बैठी थी.
युवक के ननिहाल में क्यों बिताई रात?
इसके साथ ही, पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि घटना के बाद युवती ने युवक के ननिहाल में रात क्यों बिताई और वह उस युवक के साथ दरभंगा रेलवे स्टेशन तक क्यों पहुंची थी. फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है साथ ही, दिए गए बयानों और प्रेम प्रसंग समेत अन्य पहलुओं पर भी जांच करने में जुट गई है.
रिपोर्ट: मुकेश कुमार