App

चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का बिहार में असर, पटना समेत 26 जिलों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट

बिहार में चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर देखने को मिल रहा है. पटना मौसम विभाग के अनुसार, 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का बिहार में असर, पटना समेत 26 जिलों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)

बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर बिहार में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है. पटना मौसम विभाग ने आज प्रदेश के लगभग सभी जिलों में भारी से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान तेज हवाओं और तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. आज दक्षिण-पश्चिम बिहार और उत्तर-पश्चिम बिहार के अधिकांश स्थानों पर तो वहीं दक्षिण-मध्य बिहार और उत्तर-मध्य बिहार के सभी जिलों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात का असर देखने को मिल सकता है. वहीं, उत्तर-पूर्व बिहार में बारिश की संभावना कम दिखाई दे रही है.

आज कैसा रहेगा मौसम?

आज 29 अक्टूबर के मौसम की बात करें तो बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात का असर देखने को मिल सकता है. इसके साथ ही, इन इलाकों में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है. इस चक्रवात के दौरान मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचें. आंधी, तेज बारिश और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें और पेड़, बिजली के खंभों से दूर रहें.

तापमान में आएगी कमी

इस दौरान बिहार के तापमान में भी कमी आने की संभावना जताई गई है. आज बिहार का अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, वहीं न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. इससे साफ है कि बिहार में सुबह और शाम के समय ठंड का असर देखने को मिल सकता है.

30 अक्टूबर का मौसम

वहीं, कल यानी 30 अक्टूबर को स्थिति और गंभीर हो सकती है. कल बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, इस चक्रवात का असर 31 अक्टूबर तक रहने की संभावना है. इसके बाद 1 नवंबर से मौसम की स्थिति में सुधार आ सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More