समस्तीपुर में फिर गोलियों की गूंज: बदमाशों ने युवक पर चलाईं 2 गोलियां, दूसरी फायरिंग मिसफायर होने से बची जान
समस्तीपुर में अपराधियों ने एक युवक को बीच रास्ते में गोली मार दी. बताया जा रहा है कि सब्जी मंडी से घर लौटते समय बदमाशों ने दो गोली मारी. दूसरी गोली मिसफायर हो गई, जिसकी वजह से उसकी जान बच गई. फिलहाल, पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है.
समस्तीपुर में बेखौफ बदमाशों ने सब्जी मंडी से घर लौट रहे एक युवक को गोली मार दी. घटना कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के आधारपुर पंचायत स्थित जोगिया मठ की है. गोली युवक के बाएं पैर में लगी है, जबकि बदमाशों की दूसरी गोली मिसफायर हो गई. गोली लगने से युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना 7 अक्टूबर, 2026 दिन बुधवार की है.
घायल युवक की पहचान जोगिया मठ गांव के वार्ड संख्या-5 निवासी उमेश महतो के पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर कर्पूरीग्राम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी.
जख्मी सोनू कुमार ने पुलिस को बताया कि वह सब्जी मंडी से लौटने के बाद मठ के समीप खड़ा था. इसी दौरान गांव के ही कुंदन और प्रशांत ने उसे निशाना बनाकर गोली चला दी. एक गोली उसके बाएं पैर में लगी, जबकि दूसरी गोली मिसफायर हो गई. घायल ने दोनों आरोपितों से पुराना विवाद होने की बात कही है.
सोनू के मुताबिक, कुछ समय पहले भी आरोपितों ने उसके भाई पर पिस्टल तान दी थी और उसे जान से मारने की धमकी दी थी. इसी पुरानी रंजिश में गोली मारने का आरोप लगाया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर सुरक्षित कर दिया है. एफएसएल (FSL) टीम को भी सूचना दी गई है. टीम के मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की बात कही जा रही है. पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि दोनों पक्षों के बीच शराब के अवैध कारोबार को लेकर विवाद चल रहा था. एक ग्रामीण के अनुसार, जख्मी और आरोपित दोनों पक्ष शराब के धंधे से जुड़े बताए जा रहे हैं और बकाया रुपये को लेकर उनके बीच विवाद था. हालांकि, इस दावे की पुलिस स्तर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल, पुलिस घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है. आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही गोलीबारी के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट : मनटुन कुमार रॉय