App

बिहार से निकलकर असम पहुंचा कॉम्फेड, डेयरी विकास को मिलेगी नई रफ्तार

कॉम्फेड का दायरा अब बिहार से आगे बढ़ने लगा है. बिहार से निकलकर अब असम तक कॉम्फेड पहुंच गया है. अब असम में भी दूध उत्पादन और कारोबार बढ़ाएगा. साथ ही पशुपालकों की आय बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा.

बिहार से निकलकर असम पहुंचा कॉम्फेड, डेयरी विकास को मिलेगी नई रफ्तार
Image Credit: बिहार से निकलकर अब असम तक पहुंचा कॉम्फेड (Z News)

मोतिहारी डीएम के रूप में अपने कार्यकाल में शीर्षत कपिल अशोक ने देश को बनकटवा मॉडल दिया था. कोरोना काल में शत-प्रतिशत टीकाकरण करके बनकटवा प्रखंड को मॉडल बना दिया था, जिसकी तारीफ तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तक ने की थी. प्रधानमंत्री ने अपने मन की बात में बनकटवा मॉडल का ज़िक्र किया था. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपने ऑफिशियल ट्विटर (अब X) पर बनकटवा मॉडल की खबर को पोस्ट कर PMO को टैग किया था, जो आज भी देखा जा सकता है.

वहीं, शीर्षत कपिल अशोक जब बिहार के जेल आईजी बने तो जेल में बंद कैदियों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कई तरह के प्रशिक्षण कार्य शुरू किए थे और आज जब वे कॉम्फेड के सचिव बने हैं, तो कॉम्फेड भी नई उपलब्धि प्राप्त कर रहा है. बिहार में घर-घर दूध पहुंचाने वाले कॉम्फेड का दायरा बढ़ता जा रहा है. कॉम्फेड जहां एक तरफ बिहार में पंचायत स्तर पर महिलाओं को कॉम्फेड से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से समृद्ध करने में जुटा हुआ है. वहीं, कॉम्फेड अब दूसरे राज्य में भी अपना दायरा बढ़ा रहा है.

दिल्ली में समीक्षा बैठक के दौरान असम में डेयरी क्षेत्र को सुदृढ़ और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में असम राज्य सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है. नई दिल्ली स्थित असम भवन में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने राज्य में कॉम्फेड (WAMUL/कॉम्फेड) के माध्यम से संचालित डेयरी विकास कार्यक्रमों की उच्चस्तरीय समीक्षा की.

समीक्षा बैठक के प्रमुख बिंदु

बैठक के दौरान डेयरी, मत्स्य और पशु संसाधन विभाग, बिहार के सचिव-सह-अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक (भा.प्र.से.) ने विभाग की मौजूदा उपलब्धियों, संचालित परियोजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया.

मुख्यमंत्री ने की कॉम्फेड की सराहना

असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने कॉम्फेड द्वारा असम में जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों और हासिल की गई प्रगति की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशुपालकों की आय बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है. मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि असम में डेयरी विकास को नई गति प्रदान करने के लिए राज्य सरकार की ओर से हर संभव और निरंतर सहयोग आगे भी जारी रहेगा.

असम में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल

राज्य में डेयरी विकास कार्यक्रमों के सुदृढ़ीकरण से दुग्ध उत्पादकों को बेहतर बाजार, आधुनिक बुनियादी ढांचा और स्थायी आजीविका के अवसर मिलने की उम्मीद है. उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद विभाग की आगामी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान केंद्रित किए जाने की संभावना है.

रिपोर्ट: पंकज कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More