)
फिल्म निर्माता करण जौहर ने फिल्म इंडस्ट्री में काम के घंटों को सीमित करने के दीपिका पादुकोण के रुख का समर्थन किया है. उन्होंने साफ किया कि दीपिका को आठ घंटे की शिफ्ट की मांग करने का पूरा अधिकार है. दरअसल, हाल ही में 'कॉफी विद करण' सीजन 9 के दौरान चर्चा करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि उनकी इस मांग पर इतना ध्यान क्यों दिया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि काम का एक सही शेड्यूल होना कोई विवाद का विषय नहीं बनना चाहिए. इंडस्ट्री में काम के तौर-तरीकों और अनुशासन पर चर्चा करते हुए करण ने अक्षय कुमार का भी जिक्र किया. उन्होंने अक्षय की एक व्यवस्थित दिनचर्या बनाए रखने की प्रतिबद्धता की तारीफ की, जिसमें सुबह जल्दी उठना और फिल्म सेट पर काम को समय से पूरा करने का उनका तरीका शामिल है.
करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण 9' के आने वाले एपिसोड में अक्षय कुमार और रवि किशन नजर आएंगे. इस एपिसोड के दौरान करण ने दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की शिफ्ट वाली मांग का मुद्दा छेड़ा. यह मामला तब चर्चा में आया जब दीपिका ने दो बड़े प्रोजेक्ट्स संदीप रेड्डी वांगा की 'स्पिरिट' और नाग अश्विन की 'कल्कि 2898 AD' के सीक्वल से खुद को अलग कर लिया.
करण जौहर ने अक्षय कुमार के सुबह जल्दी काम शुरू करने के रूटीन को लेकर हो रही चर्चाओं पर भी बात की और फिल्म सेट पर उनके अनुशासन और समय की पाबंदी के डेडिकेशन को हाईलाइट किया. उन्होंने कहा, 'जब मैंने अक्षय के साथ अपनी पहली फिल्म की थी, तब अक्सर ऐसी बातें सुनने को मिलती थीं कि अक्षय कुमार ऐसा करते हैं, वैसा करते हैं. सच कहूं तो. मैंने कभी किसी इंसान को इतनी मेहनत करते नहीं देखा. उनकी सुबह 5 बजे मीटिंग होती हैं. उन्हें अपनी स्क्रिप्ट पूरी तरह याद होती है, वे हमेशा डायरेक्टर को सपोर्ट करते हैं और प्रोड्यूसर की जरूरतों का भी पूरा ध्यान रखते हैं. वे इकलौते ऐसे सुपरस्टार हैं जो किसी नए डायरेक्टर को मौका देते हैं, और यह एक ऐसी बात है जिसके लिए उन्हें कभी उतना क्रेडिट नहीं मिला, जितना मिलना चाहिए था.'
फिल्म इंडस्ट्री में काम के घंटों को लेकर चल रही चर्चा का जिक्र करते हुए करण ने जोर देकर कहा कि अपने शेड्यूल को तय करने में महिलाओं का भी उतना ही हक होना चाहिए, जितना पुरुषों का होता है. उन्होंने दीपिका का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें अपनी सीमाएं तय करने और अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स के बारे में फैसले लेने की पूरी आजादी होनी चाहिए.
उन्होंने आगे कहा, टऔर मुझे लगता है कि मेरी बात भी यही है एक प्रोड्यूसर के तौर पर मैं इसका सम्मान करता हूं. और इसीलिए मैं दीपिका पादुकोण के फैसले का भी सम्मान करता हूं. जब वह ऐसी कोई बात कहती हैं, तो पता नहीं क्यों इसे इतना बड़ा मुद्दा बना दिया जाता है. यह उनका हक है. उन्होंने यह हक अपनी मेहनत से कमाया है. वह एक मेहनती महिला हैं. वह एक मां हैं, एक पत्नी हैं, एक प्रोफेशनल हैं और उनकी अपनी एक निजी जिंदगी भी है. अगर आप ऐसी मांग कर सकते हैं, तो वह क्यों नहीं कर सकतीं?'
करण जौहर ने आगे कहा, 'कभी-कभी जेंडर के आधार पर ऐसा भेदभाव देखने को मिलता है, जो कि बिल्कुल सही नहीं है. मुझे लगता है कि अगर कोई पुरुष सुपरस्टार ऐसी मांग कर सकता है, तो एक महिला सुपरस्टार भी कर सकती है. कोई भी एक्टर ऐसी मांग कर सकता है. दीपिका पादुकोण या अक्षय कुमार को साइन करने के लिए कोई मेरी कनपटी पर बंदूक नहीं रख रहा है. मैं इन एक्टर्स को इसलिए साइन करना चाहता हूं क्योंकि मुझे इनका काम पसंद है. मैं इनकी उपलब्धियों का सम्मान करता हूं.'
अक्षय कुमार ने भी करण के नजरिए का समर्थन किया और माना कि फिल्म इंडस्ट्री के लिए आठ घंटे का वर्क शेड्यूल फायदेमंद हो सकता है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि काम के तय घंटे तय करने और सेट पर डिसिप्लिन बनाए रखने से फिल्म मेकिंग के क्रिएटिविटी पक्ष पर असर डाले बिना पूरी प्रोसेस को और ज्यादा व्यवस्थित बनाया जा सकता है. बता दें कि कॉफी विद करण 9 का नया एपिसोड 25 नवंबर को शाम 7 बजे जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर प्रसारित होगा.