SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

गयाजी में चिड़ियाघर के निर्माण के लिए भूपेंद्र यादव से मिले सीएम सम्राट चौधरी, VTR से लेकर इन प्रस्तावों पर हुई चर्चा

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से की मुलाकात हुई. इस दौरान बिहार में औद्योगिक विकास एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं के लिए वन भूमि के उपयोग से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा हुई.

Edited By Shailendra
Published: Nov 03, 2026, 06:55 PM IST | Updated: Nov 03, 2026, 07:01 PM IST
Image Credit: केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से मिले सीएम सम्राट चौधरी (Z News)
Join

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 3 नंवबर मंगलवार नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की. इस दौरान बिहार में औद्योगिक विकास, निवेश को प्रोत्साहन, रोजगार सृजन और आधारभूत संरचना के विस्तार से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए वन भूमि के उपयोग से संबंधित प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने राज्य में उपलब्ध बंजर वन भूमि का औद्योगिक और विकासात्मक उद्देश्यों के लिए उपयोग सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया.

बैठक में बिहार के कई जिलों की महत्वपूर्ण परियोजनाओं से संबंधित वन भूमि के अपयोजन (Forest Land Diversion) के प्रस्तावों पर चर्चा हुई. इनमें प्रमुख रूप से 45.9 हेक्टेयर वन भूमि पर गयाजी चिड़ियाघर के निर्माण के लिए केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (Central Zoo Authority) से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त करने का प्रस्ताव शामिल है. साथ ही जमुई जिला में प्रस्तावित सौर ऊर्जा और इस्पात उद्योगों की स्थापना के लिए कुल 9,000 एकड़ आवश्यक भूमि में से 4,340 एकड़ वन भूमि के अपयोजन की स्वीकृति का प्रस्ताव. गयाजी जिला के डोभी में अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक गलियारे के अंतर्गत इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (Integrated Manufacturing Cluster) की स्थापना के लिए कुल 1,600 एकड़ भूमि में से 1,308.72 एकड़ वन भूमि के अपयोजन का प्रस्ताव भी शामिल है.

वहीं, पश्चिम चम्पारण जिला में वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (Valmiki Tiger Reserve) के अंतर्गत 5.8 किलोमीटर लंबे मदनपुर-पनियहवा पथ की मरम्मत और इसे प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव. मुंगेर जिला के तारापुर अनुमंडल के अंतर्गत संग्रामपुर में औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए कुल 114 एकड़ भूमि में से 84 एकड़ आवश्यक जंगल झाड़ भूमि के अपयोजन की स्वीकृति का प्रस्ताव और मुंगेर जिला के भीमबांध क्षेत्र में ईको टूरिज्म की व्यापक संभावनाओं को विकसित करने के लिए आवश्यक वैधानिक एवं पर्यावरणीय स्वीकृतियां प्राप्त करने का प्रस्ताव शामिल हैं.

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास के बीच संतुलन स्थापित करते हुए प्रतिपूरक वनीकरण (Compensatory Afforestation) से संबंधित वैधानिक प्रावधानों और पर्यावरणीय मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कर इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होगा. औद्योगिक विकास के साथ पर्यटन और आधारभूत संरचना को भी नई गति मिलेगी.

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है. सभी परियोजनाओं को निर्धारित वैधानिक प्रावधानों, प्रतिपूरक वनीकरण और पर्यावरणीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा. मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से इन प्रस्तावों के जल्द परीक्षण और नियमानुसार आवश्यक स्वीकृतियों की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए सहयोग का अनुरोध किया.

यह भी पढ़ें: 'बिहार में क्राइम हो सकता है, अपराध नहीं', सीएम सम्राट चौधरी के बयान पर तेजस्वी का हमला

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES