राजगीर खेल परिसर में पहली बार रग्बी का आयोजन, भारतीय महिला टीम ने न्यूजीलैंड को हराया, सीएम सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन
बिहार के सीएम सम्राट चौधीर ने नालंदा के राजगीर में भारत-न्यूजीलैंड के बीच रग्बी अंडर 20 सीरीज का उद्घाटन किया. भारत-न्यूजीलैंड के सौ साल पुराने खेल संबंध का जश्न मनाया जा रहा है. इस अवसर पर बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और केंद्रीय राज्य खेल मंत्री रक्षा खड़से मौजूद रहे.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के सौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में पर्यटन नगरी राजगीर खेल परिसर में पहली बार रग्बी खेल सीरीज का आयोजन किया गया है. इसमें महिला और पुरुष दोनों देशों की टीमें राजगीर खेल परिसर पहुंच चुकी हैं. इस रग्बी सीरीज का भव्य उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया. इस दौरान रग्बी एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल बोस, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और महानिदेशक रवि शंकरन भी मौजूद रहे.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर के लिए यह बेहद गौरव की बात है कि यहां भारत-न्यूजीलैंड के खेल संबंधों के सौ साल पूरा होने का जश्न मनाया जा रहा है. इस तरह के आयोजनों से दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे और खेलों को बढ़ावा मिलेगा. वहीं, उद्घाटन मैच में (पुरुष वर्ग) न्यूजीलैंड की टीम 32-0 से विजयी रही. जबकि, महिला वर्ग भारत ने न्यूजीलैंड को 17-0 से हराया.
दोस्ताना मुकाबला और पुरस्कार
मैच के समापन पर केंद्रीय राज्य खेल मंत्री रक्षा खड़से और बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया. इस दौरान रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस भी मौजूद रहे.
दोस्ताना मुकाबलों में पुरुष वर्ग की सेंटेनरी टीम ने यूनिटी टीम को 17-7 से हराया. जबकि, महिला वर्ग की यूनिटी टीम ने सेंटेनरी टीम को 17-7 से पराजित किया.
बिहार सरकार में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार के लिए यह गौरव की बात है कि भारत और न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों को राजगीर की धरती पर खेलने का अवसर मिला. राजगीर का खेल परिसर अंतरराष्ट्रीय स्तर का है, जहां स्थानीय खिलाड़ियों को भी दोनों देशों के खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिला. खेल एकता और मित्रता का सबसे सुंदर माध्यम है. उन्होंने बेटियों से खेल को करियर के रूप में अपनाने की अपील की.
केंद्रीय राज्य खेल मंत्री रक्षा खड़से ने इस अवसर कहा कि इस तरह के आयोजनों से खेलों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ दोनों देशों के कूटनीतिक और आपसी संबंध भी मजबूत होते हैं. रग्बी इंडिया अध्यक्ष राहुल बोस ने राजगीर खेल अकादमी की सराहना करते हुए कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह सीरीज आयोजित की गई है. खेल के मैदान पर सभी एकजुट हो जाते हैं. उन्होंने बिहार सरकार, केंद्र सरकार और राजगीर खेल अकादमी के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि अगले महीने भुवनेश्वर में होने वाली अंडर-20 एशियाई प्रतियोगिता की तैयारी के लिहाज से यह सीरीज खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.
भारतीय महिला टीम की खिलाड़ी तन्नू श्री ने कहा कि भुवनेश्वर में होने वाले मुकाबलों से पहले राजगीर में खेलने का यह अवसर टीम के आत्मविश्वास को काफी बढ़ाएगा. खिलाड़ियों ने बिहार सरकार और राजगीर की खेल सुविधाओं की भी जमकर सराहना की.
रिपोर्ट: ऋषिकेश
यह भी पढ़ें: 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान शुरू करने जा रही बीजेपी, 28 अक्टूबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे शुरुआत