पश्चिम चम्पारण हादसा: करंट लगने से 2 बच्चों की मौत पर CM सम्राट चौधरी ने जताया गहरा दुख, 4-4 लाख मुआवजे का निर्देश
पश्चिम चम्पारण में करंट लगने से दो बच्चों पर पीड़ित परिवार को सीएम सम्राट चौधरी ने अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश है. उन्होंने सभी घायलों का सरकारी खर्च पर समुचित इलाज कराने का भी निर्देश दिया है.
पश्चिम चम्पारण में 11 अक्टूबर, 2026 दिन रविवार को करंट लगने से दो बच्चों की मौत का मामला सामने आया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और मृत बच्चों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने मृत दोनों बच्चों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है. साथ ही सभी घायलों का सरकारी खर्च पर इलाज कराने और घायलों को भी सहायता राशि देने का निर्देश दिया है.
2 बच्चों की मौत पर CM सम्राट चौधरी ने जताया गहरा दुख
दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर पीड़ितों को अनुग्रह अनुदान देने का ऐलान किया. सीएम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स कि पश्चिम चम्पारण जिले के रामनगर प्रखंड में विद्युत स्पर्शाघात की दुखद घटना में बच्चों की मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है. इस हादसे में मृत बच्चों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. इस घटना में मृत दोनों बच्चों के निकटतम आश्रितों को 4-4 लाख रुपए का अनुग्रह अनुदान देने और सभी घायलों का सरकारी खर्च पर समुचित इलाज कराने और अनुमान्य सहायता राशि देने का निर्देश दिया गया है.
दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है.
करंट लगने से 2 बच्चों की मौत
बता दें कि रामनगर प्रखंड में शारदीय नवरात्र के पहले दिन कलश यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. बिजली का करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि दर्जनभर श्रद्धालु जख्मी हुए हैं. बताया जा रहा है कि नवरात्र के पहले दिन रविवार को कलश यात्रा के बाद जल बोझी करने पहुंचे श्रद्धालुओं में से एक झंडा लिए श्रद्धालु अचानक हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिसके बाद करंट लगने से दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु झुलस गए.
परिजनों का बुरा हाल
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम और ग्रामीणों ने घायलों को इलाज के लिए रामनगर सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की टीम उनके इलाज में जुटी है. वहीं, परिजनों का बुरा हाल है.
बिजली विभाग की लचर व्यवस्था
वहीं, बगहा सदर विधायक राम सिंह ने घटना पर दुःख जताते हुए बिजली विभाग की लापरवाही की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है. खुशियों और आस्था के माहौल में जिस तरह मातम पसरा है, उसने विद्युत विभाग की लचर व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
कलश यात्रा के दौरान हादसा
शारदीय नवरात्रि के पहले दिन कलश यात्रा के दौरान यह हादसा रामनगर थाना क्षेत्र के खटौरी स्थित दोन कैनाल के पास हुआ है. जानकारी के मुताबिक, भैरोगंज के सहसराव गांव से श्रद्धालु ट्रैक्टर पर सवार होकर जल बोझी करने दोन नहर पहुंचे थे. इसी दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से कई श्रद्धालु करंट की चपेट में आ गए, और हादसे में दो लोगों की मौत हो गई.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. रामनगर एसडीपीओ सत्येंद्र राम ने हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत होने की पुष्टि की है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
इनपुट: रजनीश