SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'मुझे शर्म आती है कि मेरी पार्टी इस सरकार का हिस्सा है', चिराग पासवान के वायरल वीडियो की सच्चाई जानें

बिहार में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान अपनी ही सरकार पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि मुझे शर्म आती है कि मेरी पार्टी ऐसी सरकार का समर्थन कर रही है. उनके इस बयान पर सियासी पारा चढ़ गया है.

Written By K. Raj Mishra
Published: Sep 28, 2026, 11:24 AM IST | Updated: Sep 28, 2026, 02:13 PM IST
Image Credit: चिराग ने सम्राट चौधरी सरकार पर उठाए सवाल (File Photo- Zee Media)
Join

बिहार में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के एक बयान ने सियासी हलचल तेज कर दी है. दरअसल, चिराग पासवान ने हाल-फिलहाल में हुई घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि उन्हें शर्मिंदगी महसूस होती है कि उनकी पार्टी ऐसी सरकार का हिस्सा है. मीडिया से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से निकम्मा हो चुका है. बिहार और बिहारियों को सुरक्षित रखना, अब इनके बस का नहीं है. उन्होंने आगे कहा कि पुनः एक बार मैं बिहार सरकार से आग्रह करूंगा कि समय रहते इसके ऊपर कार्रवाई की जाए.

चिराग ने बड़े ही कठोर शब्दों में बिहार सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि मुझे इस बात का दुःख  होता है कि मैं एक ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं, जहां पे अपराध पूरी तरह बेलगाम हो चुका है. इस पर नियंत्रण पाना जरूरी होगा, नहीं तो इस तरीके से बिहार और बिहारियों की जिंदगी से होता हुआ खिलवाड़, बिहार को बहुत बुरे अंजाम पर न ले जाए. कानून-व्यवस्था पर चिराग पासवान के इस बयान से विपक्ष को हमला करने का मौका मिल गया है.

चिराग पासवान को राजद ने खूब सुनाया

चिराग के इस बयान पर राजद पार्टी ने कटाक्ष करते हुए लोजपा-आर प्रमुख को अवसरवादी बताया. राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि चिराग पासवान जी, आप सत्ता के साथ भी रहेंगे और सत्ता के मजा भी लेंगे. कहीं न कहीं अपनी राजनीतिक इमेज बचाने के लिए आप इस परिस्थिति से खुद को अलग कर रहे हैं. एजाज अहमद ने कहा कि जिस तरह का आप दृष्टिकोण पेश कर रहे हैं, इसको बिहार की जनता भी समझती है. राजद प्रवक्ता ने चिराग पर तंज कसते हुए कहा कि आप गुड़ खाएंगे और गुलगुल्ला से परहेज करेंगे. आप सत्ता का मजा लेंगे और सत्ता पर हमला भी करेंगे. दोनों चीजें एक साथ नहीं चल सकती हैं.

एजाज अहमद ने कहा कि अगर आपको लगता है कि बिहार में शर्मसार करने वाली स्थिति है. बिहार में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं. बिहार में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति ठीक नहीं है. बिहार में सरकार का इकबाल समाप्त हो गया है. बिहार की स्थिति और परिस्थिति पूरी तरह से चरमरा गई है, तो आप सत्ता से चिपके रहने की राजनीति को समाप्त कीजिए. स्पष्ट रूप से सत्ता से बाहर आइए और यह संदेश दीजिए कि हम सत्ता और स्वार्थ की राजनीति नहीं करते हैं. हम बिहार की जनता की राजनीति करते हैं. 

चिराग के बयान पर जेडीयू की प्रतिक्रिया

चिराग पासवान के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जेडीयू के वरिष्ठ नेता श्याम रजक ने कहा कि गठबंधन के अंदर लोकतंत्र है, तो लोग अपनी बातों को रखते हैं. उन्होंने कहा कि सब लोग अपने तरीके से अपनी बात को रख रहे हैं. श्याम रजक ने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर चिंता जायज है और सबको इसकी चिंता करनी चाहिए. जो घटनाएं हो रही हैं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद इस पर संज्ञान लिया है. स्पीडी ट्रायल के तहत कार्रवाई की जाएगी.

पुराना वीडियो अब हो रहा है वायरल

चिराग पासवान के वायरल वीडियो की सच्चाई सामने आ चुकी है. फैक्ट चैक में पाया गया कि चिराग का यह बयान काफी पुराना है. चिराग ने ऐसा बयान, बिहार विधानसभा चुनाव से पहले 26 जुलाई 2025 को दिया था. हैरानी की बात यह है कि वीडियो के एक छोटे हिस्से को ही वायरल किया गया है, जिससे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बयान के संदर्भ को सही तरीके से समझा नहीं जा सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES