)
बिहार में छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धा और आस्था का माहौल देखने को मिला. बिहार सरकार के मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने धर्मगंज घाट पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और भगवान भास्कर तथा छठी मैया से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा को लेकर भी टिप्पणी की. वहीं, पटना में जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने बंगाल में छठ पर्व को लेकर तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी की टिप्पणियों और राहुल गांधी के व्यवहार पर प्रतिक्रिया दी. धर्मगंज घाट पर पूजा-अर्चना के बाद बिहार सरकार में मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि छठ महापर्व में डूबते और उगते, दोनों सूर्य की उपासना की जाती है. एक दिन पहले श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया था और सोमवार सुबह उगते सूर्य की पूजा की गई.
उन्होंने कहा कि भगवान भास्कर का प्रकाश पूरी दुनिया और ब्रह्मांड को रोशन करता है. छठी मैया और सूर्य देव सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें. उन्होंने प्रार्थना की कि देश के सभी लोग सुखी, समृद्ध और स्वस्थ रहें तथा सभी का कल्याण हो. सोनिया गांधी की आत्मकथा को लेकर मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि इतने वर्षों तक भारत में रहने के बावजूद सोनिया गांधी देश से भावनात्मक रूप से जुड़ नहीं पाई हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पुस्तक राजनीतिक उद्देश्यों से प्रेरित है और इसमें कोई विशेष सार्थकता नहीं है. जब कोई व्यक्ति राजनीतिक उद्देश्य से अपनी आत्मकथा लिखता है, तो लोग उसे गंभीरता से नहीं लेते.
सांसद कल्याण बनर्जी की छठ पर्व को लेकर की गई टिप्पणियों पर जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने कहा कि संस्कृति और राजनीति को अलग-अलग नजरिए से देखना चाहिए.छठ किसी एक समुदाय, वर्ग या क्षेत्र का त्योहार नहीं, बल्कि व्यापक सांस्कृतिक आस्था का पर्व है. छठ पूजा में भगवान और भक्त के बीच कोई मध्यस्थ नहीं होता. श्रद्धालु प्रकृति के विभिन्न स्वरूपों से जुड़कर सीधे भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हैं.
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और सांसद राहुल गांधी के व्यवहार पर प्रतिक्रिया देते हुए श्याम रजक ने इसे बचकाना बताया. उन्होंने कहा कि देश के भीतर राजनीतिक विरोध और बहस लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी विदेशी प्रतिनिधि द्वारा भारत की आंतरिक राजनीति में हस्तक्षेप करना और देश के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना उचित नहीं है. उन्होंने इसे भारत की विदेश नीति के विरुद्ध बताते हुए देशहित से जुड़ा गंभीर मुद्दा करार दिया.
इनपुट: आईएएनएस