App

राजस्थान यूनिवर्सिटी में नए सत्र से खुलेगा राजस्थानी भाषा विभाग, अगले साल से PG कोर्स की तैयारी

राजस्थान यूनिवर्सिटी में नए शैक्षणिक सत्र से राजस्थानी भाषा विभाग शुरू होगा. वीसी प्रो. बीपी सारस्वत ने इसकी घोषणा की है. अगले साल से पीजी कोर्स शुरू करने की तैयारी है. विभाग में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों की फीस एक ट्रस्ट देगा.

राजस्थान यूनिवर्सिटी में नए सत्र से खुलेगा राजस्थानी भाषा विभाग, अगले साल से PG कोर्स की तैयारी
Image Credit: Rajasthan University

जयपुर की राजस्थान यूनिवर्सिटी में नए शैक्षणिक सत्र से राजस्थानी भाषा विभाग शुरू किया जाएगा. यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. बीपी सारस्वत ने इसकी घोषणा की है. उन्होंने कहा कि राजस्थानी भाषा का विभाग विश्वविद्यालय में पहले ही शुरू हो जाना चाहिए था. इसके लिए किसी विद्यार्थी के अनशन या आंदोलन का इंतजार करने की जरूरत नहीं थी. उन्होंने खुद इस दिशा में पहल करते हुए विभाग शुरू करने का फैसला लिया है. खास बात यह है कि एक ट्रस्ट ने विभाग में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की पूरी फीस देने की पेशकश की है.

अगले साल से पीजी कोर्स शुरू करने की तैयारी

राजस्थानी भाषा विभाग शुरू होने के बाद अगले शैक्षणिक सत्र से पोस्ट ग्रेजुएट (PG) कोर्स शुरू करने की भी तैयारी है. इसके लिए सबसे पहले यूनिवर्सिटी का बोर्ड ऑफ स्टडीज पाठ्यक्रम तैयार करेगा. इसके बाद प्रस्ताव को एकेडमिक काउंसिल और सिंडिकेट के सामने मंजूरी के लिए रखा जाएगा. सभी अकादमिक और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद पीजी कोर्स शुरू किया जा सकेगा.

एक विद्यार्थी होगा तो भी लगेगी क्लास

कुलपति प्रो. सारस्वत ने कहा कि उनका सबसे बड़ा लक्ष्य राजस्थान यूनिवर्सिटी को उसका पुराना गौरव वापस दिलाना है. इसके लिए विद्यार्थियों से सीधा संवाद उनकी प्राथमिकता रहेगी. उन्होंने कहा कि कुलपति कार्यालय के दरवाजे सभी विद्यार्थियों के लिए खुले हैं. विद्यार्थियों की समस्याएं सुनना और उनका समाधान करना प्राथमिकता में शामिल रहेगा. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी कक्षा में केवल एक विद्यार्थी भी उपस्थित होगा तो उसकी क्लास नियमित रूप से लगेगी. विद्यार्थियों की कम संख्या के कारण पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी.

प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव के संकेत

वीसी ने विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी अपनी प्राथमिकताएं बताईं. उन्होंने प्रमुख पदों पर महिलाओं को जिम्मेदारी देने, शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने की बात कही. इसके साथ ही विश्वविद्यालय में विदेशी विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे.

छात्रसंघ चुनाव पर भी दिया बयान

छात्रसंघ चुनाव को लेकर कुलपति ने सकारात्मक रुख दिखाया. उन्होंने कहा कि सरकार से मंजूरी मिलने पर विश्वविद्यालय में निष्पक्ष तरीके से छात्रसंघ चुनाव करवाए जाएंगे. राजस्थानी भाषा विभाग शुरू करने का फैसला विश्वविद्यालय में लंबे समय से उठ रही मांग को पूरा करने की दिशा में अहम कदम है.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Dinesh Tiwari

Dinesh Tiwari

जी राजस्थान में सीनियर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत दिनेश तिवारी पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से सक्रिय हैं. जी राजस्थान में वे मुख्य रूप से यूडीएच और जेडीए से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं, जहां आमजन से जुड़ी सड़क, पानी और सीवरेज समस्याओं को लगातार उठाते रहे हैं. दिनेश तिवारी शिक्षा बीट पर भी मजबूत पकड़ रखते हैं.  इसके साथ ही खेल जगत से जुड़ी खबरों की कवरेज में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है. जमीनी मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और आमजन की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में दिनेश तिवारी की पहचान एक सक्रिय पत्रकार के रूप में बनी है. जी राजस्थान से पहले दिनेश तिवारी ETV Bharat, Rajasthan Patrika, First India News और A1TV में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
Read More