SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

देश-दुनिया में गूंजा छठ महापर्व का गौरव, बेहतर व्यवस्थाओं और भव्य आयोजनों ने बढ़ाई बिहार की पहचान

छठ महापर्व 2026 में बिहार की आस्था, संस्कृति और भव्यता की अनूठी झलक देखने को मिली. कवि कुमार विश्वास ने छठ की वैश्विक पहचान और प्रकृति संरक्षण के संदेश को खास बताया. वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था और दीघा घाट पर 25 फीट का विशाल सूप आकर्षण का केंद्र बना.

Edited By Rupak Kumar
Published: Nov 17, 2026, 20:44 IST | Updated: Nov 17, 2026, 21:01 IST
Image Credit: देश-दुनिया में गूंजा छठ महापर्व का गौरव
Join

कवि कुमार विश्वास छठ महापर्व की महत्ता और इसकी बढ़ती वैश्विक पहचान पर कहते हैं कि छठ अब केवल बिहार तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि देश-दुनिया में आस्था और संस्कृति के एक बड़े पर्व के रूप में अपनी पहचान बना चुका है. इस पर्व की मान्यताओं में प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का जो गहरा संदेश निहित है, वह आज पूरी दुनिया को आकर्षित कर रहा है. छठ हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीने और उसके प्रति सम्मान का भाव रखने की सीख देता है. दुनिया के कई हिस्सों में जहां उगते सूर्य को नमन करने की परंपरा है, वहीं भारतीय संस्कृति में छठ ऐसा अनूठा पर्व है, जिसमें डूबते और उगते, दोनों सूर्य को समान श्रद्धा और सम्मान के साथ अर्घ्य दिया जाता है. यही इसकी विशिष्टता और व्यापकता है, जो छठ को दूसरे पर्वों से अलग और विशेष बनाती है. वर्ष 2026 का छठ महापर्व कई मायनों में खास और यादगार रहा. एक ओर सदियों पुरानी परंपराओं और लोगों की अटूट आस्था की झलक देखने को मिली, तो दूसरी ओर बेहतर बुनियादी सुविधाओं और घाटों पर की गई व्यवस्थाओं ने पर्व की भव्यता को और बढ़ाया. मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में बदलती व्यवस्था और विकसित होते बुनियादी ढांचे के बीच इस बार देश-विदेश से पर्यटक भी छठ की भव्यता देखने पहुंचे. गंगा घाटों का विहंगम दृश्य और विदेशी मेहमानों की मौजूदगी हर बिहारी के लिए गर्व का विषय बनी.

घाटों पर बेहतर व्यवस्था से बढ़ी सहूलियत

छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए राज्यभर में घाटों की साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया. नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे स्थित घाटों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की गईं.

पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वयं गंगा नदी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को घाटों की सफाई, स्वच्छता, मजबूत बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी शौचालय, यूरिनल, चेंजिंग रूम, यात्री शेड और वॉच टावर जैसी व्यवस्थाएं भी की गईं. इनका उद्देश्य छठ के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को व्यवस्थित करना और व्रतियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना था. बाहर से आ रहें लोगोे के मुताबिक बेहतर आधारभूत संरचना, सुगम आवागमन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए किए जा रहे इंतजामों के बीच बिहार में बदलाव दिखाई दे रहा है.

सुरक्षा व्यवस्था पर रहा विशेष जोर

छठ के दौरान लाखों श्रद्धालु नदियों और तालाबों के किनारे पहुंचते हैं. ऐसे में उनकी सुरक्षा प्रशासन के लिए सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है. वर्ष 2026 में भी इस दिशा में विशेष सतर्कता बरती गई. संवेदनशील और खतरनाक घाटों की पहचान कर वहां सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए. गोताखोरों, बचाव दलों, मोटरबोट और मेडिकल टीमों को तैयार रखा गया. आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से घाटों के आसपास पटाखे फोड़ने और निजी नावों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश भी दिए गए. इसके साथ ही जिला प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम और बचाव व्यवस्था सक्रिय रखने को कहा गया.

सात समंदर पार तक पहुंची छठ की आस्था

2026 के छठ महापर्व की एक खास तस्वीर यह भी रही कि इसकी रौनक बिहार की सीमाओं से निकलकर देश-दुनिया तक पहुंची. रोजगार, शिक्षा और व्यवसाय के सिलसिले में दूसरे राज्यों और विदेशों में रहने वाले बिहार के लोग भी इस पर्व को पूरे उत्साह के साथ मनाते नजर आए.

दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों में भी छठ की रौनक देखने को मिली. वहां रहने वाले बिहार के लोगों ने सामूहिक रूप से घाटों और जलाशयों के किनारे सूर्योपासना की. इन तस्वीरों ने एक बार फिर साबित किया कि भौगोलिक दूरी चाहे कितनी भी हो, अपनी परंपराओं और संस्कृति से लोगों का रिश्ता कभी कमजोर नहीं पड़ता.

दीघा घाट पर बना 25 फीट का विशाल सूप बना आकर्षण

इस बार पटना के दीघा घाट पर छठ महापर्व के दौरान एक अनोखा आकर्षण भी देखने को मिला. अदाणी ग्रुप की कंपनी अदाणी सीमेंट्स ने यहां 25 फीट का विशाल सूप स्थापित किया, जिसे दुनिया का सबसे बड़ा सूप बताया गया है. इसे लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की तैयारी है. इस विशाल सूप को तैयार करने में करीब 15 दिन का समय लगा. इसमें छठ पूजा के दौरान चढ़ाए जाने वाले प्रसाद और पूजन सामग्री को भी दर्शाया गया है. घाट पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच यह विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा. इसके अलावा लोगों के लिए सेल्फी पॉइंट और सैंड आर्ट भी तैयार किए गए थे.

धार्मिक आस्था के साथ अर्थव्यवस्था को भी मिला बल

छठ महापर्व का प्रभाव केवल धार्मिक और सामाजिक जीवन तक सीमित नहीं है. इसका व्यापक असर बाजार, रोजगार और स्थानीय कारोबार पर भी पड़ता है. कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के अनुमान के अनुसार, इस वर्ष छठ पूजा के दौरान पूरे देश में 65,000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ. वहीं, देशभर में करीब 11 करोड़ लोगों के छठ मनाने का अनुमान है.

ये आंकड़े बताते हैं कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन स्थानीय बाजारों, छोटे कारोबारियों और उत्पादकों के लिए भी बड़े अवसर पैदा करते हैं. छठ के दौरान फल, पूजा सामग्री, बांस से बने सूप-दउरा, कपड़े और अन्य जरूरी सामानों की मांग बढ़ने से छोटे व्यापारियों और स्थानीय उत्पादकों को आर्थिक गतिविधियों का लाभ मिलता है.

वर्ष 2026 का छठ महापर्व कई यादगार तस्वीरें छोड़ गया. एक ओर सदियों पुरानी परंपराओं के प्रति लोगों की अटूट आस्था दिखाई दी, तो दूसरी ओर बेहतर व्यवस्थाओं, आधुनिक सुविधाओं और देश-विदेश से आए पर्यटकों की मौजूदगी ने इसकी भव्यता को नई पहचान दी. यह पर्व एक बार फिर बता गया कि बिहार की पहचान केवल उसकी ऐतिहासिक विरासत से नहीं, बल्कि उसकी जीवंत लोक संस्कृति, प्रकृति के प्रति सम्मान और अटूट आस्था से भी है.

ये भी पढ़ें: नीतीश सेतु नामकरण पर तेजस्वी का हमला, अक्षयवट राय के नाम पर रखने का दिया था आश्वासन

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES