SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मुंगेर, छपरा, गोपालगंज और वैशाली में छठ महापर्व की तैयारियां तेज, डीएम से लेकर एसपी तक ने घाटों का लिया जायजा

छठ पर्व की तैयारियों को लेकर मुंगेर से लेकर गोपालगंज और वैशाली के महनार और छपरा तक जिला प्रशासन के बड़े अधिकारी खुद घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं. साथ ही वह सुरक्षा, साफ-सफाई को लेकर सख्त निर्देश दे रहे हैं.

Edited By Shailendra
Published: Nov 09, 2026, 07:48 PM IST | Updated: Nov 09, 2026, 08:13 PM IST
Image Credit: डीएम और एसपी ने किया गंगा घाटों का निरीक्षण (Photo- AI)
Join

लोकआस्था के महापर्व छठ की गूंज अब पूरे बिहार में सुनाई देने लगी है. चार दिनों तक चलने वाले इस महाव्रत को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह से मुस्तैद हो चुका है और हर तरफ तैयारियां जोरों पर हैं. मुंगेर से लेकर गोपालगंज और वैशाली के महनार तक जिला प्रशासन के बड़े अधिकारी खुद सड़कों पर उतरकर गंगा घाटों का जायजा ले रहे हैं. लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जहां एक तरफ क्लास लगाई जा रही है. वहीं, दूसरी तरफ सुरक्षा, साफ-सफाई और बैरिकेडिंग के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. उधर, छपरा जंक्शन पर खास यात्री आश्रय स्थल बनाए गए हैं, जहां 24 घंटे बिजली, पानी, सुरक्षा और पारंपरिक छठ गीतों से यात्रियों का स्वागत किया जा रहा है. चलिए जानते हैं कि बिहार के अलग-अलग जिलों में छठ की तैयारी कैसी है.

मुंगेर में डीएम और एसपी ने किया गंगा घाटों का निरीक्षण

मुंगेर जिला में13 नवंबर को शुरू होने वाले छठ महापर्व की तैयारी को लेकर जिलाधिकारी निखिल धनराज, एसपी सैयद इमरान मसूद, मेयर कुमकुम देवी सहित कई विभागों के अधिकारियों और सदर अंचलाधिकारी के साथ नाव से गंगा का निरीक्षण किया. जिलाधिकारी ने बबुआ घाट, जेल घाट, कष्टहरणी घाट, जहाज घाट, सोझी घाट, बेलन घाट, दोमंठा घाट सहित अन्य घाटों का निरीक्षण किया. साथ ही, खतरनाक घाटों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग कराने और श्रद्धालुओं के आवागमन को प्रतिबंधित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.

निरीक्षण के दौरान गंगा घाटों में अब तक तैयारियां नहीं होने को लेकर उप नगर आयुक्त वसीम को जमकर फटकार लगाई. इसके साथ ही नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता को फोन कर क्लास लगाई. जिलाधिकारी ने कहा कि महापर्व छठ को देखते हुए सभी संबंधित विभाग तीव्र गति से तैयारियां प्रारंभ कर दें और घाटों पर सुरक्षा एवं सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें. जिलाधिकारी ने नगर निगम की मेयर कुमकुम देवी को कहा कि गंगा घाटों पर मजदूरों की संख्या को बढ़ाएं और कार्य शुरू करें, क्योंकि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. जिला प्रशासन ने छठ व्रती एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि निर्धारित सुरक्षित घाटों पर ही अर्घ्य अर्पित करें.

छठ गीतों से गूंज रहा छपरा जंक्शन

लोकआस्था के महापर्व छठ को लेकर रेलवे प्रशासन ने भी यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का खासा ख्याल रखा है. छठ महापर्व पर घर लौटने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए छपरा जंक्शन पर विशेष इंतजाम किए गए हैं. रेलवे की इस पहल की यात्रियों के बीच सराहना हो रही है. स्टेशन परिसर में बज रहे छठ के पारंपरिक गीत न सिर्फ यात्रियों का स्वागत कर रहे हैं, बल्कि पूरे माहौल को छठमय बना रहे हैं. पूर्वोत्तर रेलवे के महत्वपूर्ण स्टेशनों में शुमार छपरा जंक्शन यात्री आवागमन और राजस्व के लिहाज से भी प्रमुख स्थान रखता है. यही वजह है कि प्रीमियम स्टेशनों की श्रेणी में शामिल इस स्टेशन पर छठ के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं.

यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में दो-दो यात्री आश्रय स्थल बनाए गए हैं. यहां यात्रियों के बैठने और आराम करने से लेकर उनकी अन्य बुनियादी जरूरतों का भी ध्यान रखा गया है. यात्री आश्रय स्थलों में रियल टाइम ट्रेन डिस्प्ले, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, शुद्ध पेयजल, शौचालय और 24 घंटे बिजली की व्यवस्था की गई है, ताकि ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो. स्टेशन डायरेक्टर ने बताया कि पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता है. इसके लिए 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. रेलवे के अधिकारी लगातार स्टेशन परिसर और यात्री सुविधाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. इसके साथ ही 'मे आई हेल्प यू' डेस्क और फर्स्ट एड की टीम भी चौबीसों घंटे यात्रियों की सहायता में तैनात है. किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को तत्काल मदद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है. छपरा जंक्शन पर प्रवेश करते ही छठ के पारंपरिक गीतों की गूंज यात्रियों को अपनेपन का अहसास करा रही है. परदेस से अपने घर लौट रहे लोगों के लिए यह माहौल खास बन गया है.

गोपालगंज में डीएम ने छठ घाट का किया निरीक्षण

गोपालगंज में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. बाजारों में रौनक है, पूजा सामग्री की दुकानें सज रही हैं. वहीं, छठ घाट की साफ-सफाई व सजावट की जा रही है. जिले के प्रमुख घाटों पर पुलिस बल व मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की जा रही है. सोमवार को गोपालगंज के डीएम समीर सौरभ और एसपी विनय तिवारी ने मीरगंज नगर परिषद में छठ घाट का निरीक्षण किया. इस दौरान ईओ मनोज कुमार को कई दिशा-निर्देश दिए गए और बिजली व सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के निर्देश दिए गए.

डीएम समीर सौरभ ने कहा कि मीरगंज में जिले का सबसे बड़ा छठ घाट है, जहाँ छठ में 10 हजार लोग शामिल होते हैं. छठ महापर्व की तैयारी को लेकर निरीक्षण किया गया है, साफ-सफाई कराई जा रही है और पुलिस बल व मजिस्ट्रेट को प्रतिनियुक्त किया जा रहा है.

वैशाली में छठ पूजा को लेकर एसडीएम ने संभाला मोर्चा

छठ महापर्व की तैयारी को लेकर महनार एसडीएम अंकित कुमार ने खुद मोर्चा संभाल लिया है. उन्होंने गंगा किनारे के सभी घाटों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि इस बार छठ घाटों पर श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए. एसडीएम अंकित कुमार ने एक-एक घाट पर जाकर व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने देखा कि घाटों पर साफ-सफाई कैसी है, रास्ता कैसा है, पानी का स्तर कितना है और कहाँ बैरिकेडिंग की जरूरत है. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही कई निर्देश दिए.

एसडीएम ने सबसे पहले घाटों पर लाइटिंग की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि छठ के दौरान श्रद्धालु सुबह अंधेरे में और देर रात घाटों पर आते हैं, इसलिए हर घाट पर पर्याप्त रोशनी होनी चाहिए. इसके साथ ही, खतरनाक और गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने और गोताखोरों की तैनाती के निर्देश दिए गए.

महिलाओं के लिए विशेष सुविधा पर भी एसडीएम ने जोर दिया. छठ व्रती ज्यादातर महिलाएं होती हैं, इसलिए उनके लिए कपड़े बदलने की जगह, शौचालय और सुरक्षित घाट की व्यवस्था करने को कहा गया. साथ ही, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए गए. फिलहाल, एसडीएम के निरीक्षण के बाद महनार के सभी घाटों पर तैयारी तेज कर दी गई है. प्रशासन का दावा है कि इस बार छठ महापर्व पूरी सुरक्षा और सुविधा के साथ मनाया जाएगा.

वैशाली से राजकुमार, सारण से राकेश सिंह, गोपालगंज से मदेश तिवारी और मुंगेर से प्रशांत कुमार की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें: छठ गीतों से गूंज रहा छपरा जंक्शन, यात्रियों के स्वागत और सुविधा के लिए रेलवे की स्पेशल तैयारी

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES