App

'जली दाल और कच्चा चावल परोसा जा रहा', राहत शिविर का खाना खाकर भड़के पप्पू यादव, सरकार पर उठाए सवाल

Pappu Yadav: बिहार में बाढ़ के बीच पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने देर रात हाजीपुर और राघोपुर में बाढ़ राहत शिविरों का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के साथ बैठकर खाना खाया और राहत शिविर में मिल रही सुविधाओं पर सवाल उठाए.

'जली दाल और कच्चा चावल परोसा जा रहा', राहत शिविर का खाना खाकर भड़के पप्पू यादव, सरकार पर उठाए सवाल
Image Credit: राहत शिविर का खाना खाकर भड़के पप्पू यादव (zee media)

Pappu Yadav: बिहार में बाढ़ के बीच पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने देर रात हाजीपुर में बड़ा सियासी हंगामा खड़ा कर दिया. उन्होंने महात्मा गांधी सेतु के पास बने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बाढ़ राहत शिविर का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान पप्पू यादव ने शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उनके साथ बैठकर शिविर में बना खाना भी खाया. खाना खाने के बाद उन्होंने राहत शिविर की व्यवस्था पर जमकर सवाल उठाए. पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि शिविर में परोसा जा रहा खाना इंसान के खाने लायक नहीं है. उन्होंने कहा कि जली हुई दाल, कच्चे चने की सब्जी और अधपका चावल लोगों को परोसा जा रहा है.

बाढ़ पीड़ितों ने पप्पू यादव से कि शिकायत
राहत शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों ने भी पप्पू यादव से व्यवस्थाओं को लेकर शिकायत की. लोगों ने आरोप लगाया कि जब कोई बड़ा नेता या अधिकारी शिविर का दौरा करता है, तभी व्यवस्था दुरुस्त नजर आती है. बाढ़ पीड़ितों ने कहा कि मुख्यमंत्री के आने के दौरान रेड कार्पेट बिछाकर सभी व्यवस्थाएं बेहतर कर दी गई थीं, लेकिन उनके जाते ही हालात फिर खराब हो गए. लोगों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से कोई उचित मदद नहीं मिल रही है और उन्हें भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है. निरीक्षण के दौरान पप्पू यादव ने बाढ़ पीड़ितों के बीच 500-500 रुपये की आर्थिक मदद बांटी और महिलाओं को सैनिटरी पैड भी वितरित किए.

राहत बांटने के बाद बाढ़ पीड़ितों के बीच ही रुके पप्पू यादव
राहत शिविर का जायजा लेने के बाद पप्पू यादव सीधे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर पहुंचे. देर रात उन्होंने तेरसिया गांव में बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान उन्होंने खुद अपने हाथों से पूरी बनाई और बाढ़ पीड़ितों को खिलाई. ग्रामीण इलाके में भी उन्होंने लोगों के बीच 500-500 रुपये की आर्थिक मदद बांटी और महिलाओं को सैनिटरी पैड वितरित किए. इसके बाद पप्पू यादव ने बाढ़ पीड़ितों के साथ ही रात्रि विश्राम करने का फैसला किया. उनके पहुंचने पर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला. लोगों ने उनके हाथ का बना खाना खाया और आर्थिक मदद भी ली.

सरकार और प्रशासन पर बरसे पप्पू यादव
जी मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने सरकार और वैशाली जिला प्रशासन पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बाढ़ राहत के नाम पर सिर्फ दिखावा कर रही है और जमीनी स्तर पर व्यवस्था बेहद खराब है. पप्पू यादव ने कहा कि राहत शिविरों में लोगों को बेहतर भोजन और जरूरी सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं. उन्होंने कहा कि वह पूरी रात राघोपुर में बाढ़ पीड़ितों के बीच रहेंगे और उनकी हर संभव मदद करने का प्रयास करेंगे.

रिपोर्ट: राजकुमार सिंह

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More