पुलिस के एक्शन से थर्राए अपराधी: समस्तीपुर में लड़की से छेड़खानी के आरोपियों के घर पर चला बुलडोजर, PDS लाइसेंस भी रद्द
समस्तीपुर में नाबालिग लड़की के वायरल वीडियो पर पुलिस ने 25 सितंबर, 2026 दिन शुक्रवार को बड़ा एक्शन लिया है. पुलिस ने तीन आरोपियों के घर बुलडोजर की कार्रवाई की है. साथ ही मुख्य आरोपी विकास के मकान पर नोटिस चस्पा दिया है.
समस्तीपुर जिले के कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से छेड़खानी के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस कार्रवाई के बाद अब जिला प्रशासन का बड़ा एक्शन देखने को मिला है, जहां तीन आरोपियों- राहुल पासवान, अवधेश पासवान और रामबाबू सहनी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई हुई है.
वहीं, इस घटना के मुख्य आरोपी विकास कुमार शर्मा का पक्का मकान होने की वजह से उसे नोटिस दिया गया है. उसे 72 घंटे के अंदर दो नोटिस दिए जाएंगे, जिसके बाद बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी. हालांकि, जिला प्रशासन इस कार्रवाई पर कुछ भी बोलने से बचता नजर आया.
बताते चलें कि इस मामले में आरोपी अवधेश पासवान का जन वितरण प्रणाली का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है. जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से आरोपियों के परिवार के बीच दहशत है. इस कांड के मुख्य आरोपी विकास कुमार शर्मा के परिवार का आपराधिक इतिहास भी रहा है. खुद आरोपी विकास कुमार शर्मा पर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल छह से अधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से सभी मामले शराब से जुड़े हुए हैं. विकास का बड़ा भाई भी तेलंगाना में एक हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है.
बता दें कि 25 सितंबर, 2026 दिन शुक्रवार को समस्तीपुर जिले में नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़ मामले में पुलिस की कार्रवाई की समीक्षा एडीजी डॉ. कमल किशोर ने की. उन्होंने एसपी कार्यालय में डीएम रोशन कुशवाहा, एसपी अरविंद प्रताप सिंह और अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. इस दौरान अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
एडीजी डॉ. कमल किशोर ने कहा कि समस्तीपुर जिले में एक-दो घटनाएं घटित हुई हैं. इसको लेकर राज्य सरकार संवेदनशील है. यहां इनके खिलाफ जो एक्शन होने थे, वे एक्शन हुए हैं. इसको और आगे कैसे बढ़ाया जाए, स्पीडी ट्रायल कराकर जो दोषी हैं उनको सजा दिलाई जाए. जिला प्रशासन ने इस मामले में काफी अच्छा कार्य किया है, इसकी भी समीक्षा की गई है. डीएम और एसपी से बात हुई है. इस प्रकार की जो घटनाएं घटती हैं, आगे इस प्रकार की घटनाएं न हों, इसको लेकर व्यापक कार्य-योजनाएं बनाई गई हैं.
रिपोर्ट: मंटून कुमार रॉय