BPSC को मिली नई अध्यक्ष, 29 नवंबर से पदभार संभालेंगी IAS हरजोत कौर बम्हरा... जानें उनके बारे में
1992 बैच की IAS अधिकारी हरजोत कौर बम्हरा को बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. हरजोत कौर बम्हरा 29 नवंबर से BPSC अध्यक्ष का कार्यभार संभालेंगी.
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की कमान अब वरिष्ठ IAS अधिकारी हरजोत कौर बम्हरा संभालेंगी. बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने इसके लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. जारी अधिसूचना के अनुसार, 1992 बैच की अधिकारी हरजोत कौर को आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 316 के तहत उनकी नियुक्ति की है. 28 नवंबर 2026 को भारतीय प्रशासनिक सेवा से VRS (स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति) लेने के बाद अगले दिन (29 नवंबर, 2026) से वह अपना नया कार्यभार संभालेंगी. बता दें कि इससे पहले वह बिहार राजस्व बोर्ड की अध्यक्ष-सह-सदस्य के रूप में कार्यरत थीं.
जानें हरजोत कौर बम्हरा के बारे में-
हरजोत कौर बम्हरा मूल रूप से महाराष्ट्र की रहने वाली है. उन्होंने 11 अक्टूबर 1992 को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) ज्वाइन की थी और उन्हें बिहार कैडर आवंटित हुआ था. उन्होंने राजनीति विज्ञान (Political Science) और इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट, दो विषयों में MA की डिग्री हासिल की है. अपने करियर की शुरुआत में, हरजोर कौर कटिहार और बेगूसराय की DM भी रह चुकी हैं.
हरजोत कौर बम्हरा ने संभाली ये जिम्मेदारी
महिला एवं बाल विकास निगम- फरवरी 2020 से जून 2023 तक और फिर जून 2023 से सितंबर 2024 तक वह इस निगम की अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) रहीं. प्रमुख विभागों में सचिव स्तर की भूमिका- उन्होंने खान एवं भूतत्व विभाग और समाज कल्याण विभाग (अगस्त 2024) में अपर मुख्य सचिव (ACS) के रूप में सेवाएं दीं. इसके साथ ही वह पर्यटन विभाग की सचिव और राज्य सरकार की मुख्य सलाहकार भी रह चुकी हैं.
उप सचिव और निदेशक के पदों पर कार्य
हरजोत कौर का प्रशासनिक अनुभव बिहार तक सीमित नहीं रहा. उन्होंने भारत सरकार में उप सचिव और निदेशक के पदों पर कार्य किया. साथ ही, भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) में मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी निभाई.
राजस्व पर्षद से BPSC अध्यक्ष
अगस्त 2025 में सरकार ने उन्हें बिहार राजस्व पर्षद का अध्यक्ष-सह-सदस्य बनाया था. सितंबर 2026 में जब तत्कालीन अध्यक्ष परमार रवि मनुभाई अवकाश पर गए थे, तब हरजोत कौर को ही आयोग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था. अब सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार के हस्ताक्षर से जारी अधिसूचना के बाद वह पूर्णकालिक अध्यक्ष के रूप में आयोग का नेतृत्व करेंगी.
यह भी पढ़ें: Success Story: किसान की दो बेटियों ने रचा इतिहास, एक बनी IAS तो दूसरी IPS; जानिए संघर्ष की कहानी