सिवान में पटाखा बनाने के दौरान ब्लास्ट, मकान क्षतिग्रस्त, 5 की मौत, थानाध्यक्ष सस्पेंड
सिवान में एक बड़ा हादसा शुक्रवार को हो गया. हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और कई लोग जख्मी हो गए. बताया जा रहा है कि यहां पर एक मकान में पटाखा बनाया जा रहा था, तभी ब्लास्ट हो गया.
बिहार के सिवान जिले में एक मकान में पटाखा बनाने के दौरान ब्लास्ट हो गया. इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई. जबकि. कई लोग घायल हो गए हैं. साथ ही अन्य लोगों की तलाश जारी है. जिले के जामो थाना क्षेत्र के अलमापुर गांव की घटना. वहीं, सिवान एसपी भारत सोनी ने जामो बाजार थानाध्यक्ष और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को सस्पेंड कर दिया.
अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया
बताया जा रहा है कि अलमापुर गांव में अमीरुद्दीन के मकान में पटाखा बनाने का काम किया जा रहा था. इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया.
अब तक चार लोगों के शव बरामद किए गए
इस मामले में जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने बताया कि मकान में पटाखा बनाने की सूचना मिल रही थी, इसी मकान में विस्फोट हुआ है. वहीं, एसपी भारत सोनी ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, विस्फोट के समय मकान में कुल सात लोग मौजूद थे. अब तक चार लोगों के शव बरामद किए गए हैं और अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.
घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी पहुंचकर जांच कर रही
एसपी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने पटाखा निर्माण के लिए लाइसेंस होने की बात कही है. हालांकि, एफआईआर दर्ज कर लाइसेंस और पटाखा निर्माण से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जाएगी. घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी पहुंचकर जांच कर रही है. विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, मकान में पटाखा निर्माण की क्या व्यवस्था थी और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इन तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है.
जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी
फिलहाल, अलमापुर गांव में राहत और बचाव अभियान जारी है. प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों की तलाश और बरामद शवों की पहचान करना है. घायलों की वास्तविक संख्या और विस्फोट के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है. जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: अमित सिंह
यह भी पढ़ें: होटल मालिक को पहले पीटा, फिर पीठ में मार दी 3 गोली, समस्तीपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव