)
नवादा जिले के हिसुआ में रंगबाजी और अपराध करने वालों के खिलाफ भाजपा विधायक अनिल सिंह ने कड़े तेवर दिखाए हैं. एक श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे विधायक ने मंच से खुलेआम चेतावनी देते हुए कहा कि हिसुआ की शांति और सुरक्षा के साथ किसी को खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी. उन्होंने कहा कि हिसुआ मेरा बगीचा है और मैं इस बगीचे का मालिक हूं. कोई फूल तोड़ने की कोशिश करेगा तो उसका हाथ तोड़ने का काम किया जाएगा.
विधायक अनिल सिंह ने कहा कि यह बात वह डंके की चोट पर कह रहे हैं. गलत काम करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. अपराधी चाहे किसी भी जाति, वर्ग या धर्म का हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि न तो उनकी सरकार में और न ही जिला प्रशासन के स्तर पर अपराधियों को संरक्षण देने की कोई जगह है. अपराधियों को खोजकर निकालने और उन्हें जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाने का काम किया जाएगा.
उन्होंने अपने संबोधन में जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनता ने वोट की ताकत से उन्हें जिम्मेदारी दी है, लेकिन वह अकेले कुछ नहीं कर सकते. इसके लिए सभी लोगों का सहयोग जरूरी है. उन्होंने कहा कि मां-बहनों और नौजवानों का आशीर्वाद बना रहा तो वह आगे भी इसी तरह गलत काम करने वालों के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे. विधायक ने खुद को हिसुआ की जनता का बेटा, भाई और सेवक बताते हुए कहा कि वह पहले भी जनता की सेवा में रहे हैं और आगे भी लोगों के साथ खड़े रहेंगे.
बता दें कि हिसुआ में पूर्व में जातीय तनाव और हिंसा की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. ऐसे माहौल में विधायक अनिल सिंह का यह बयान राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बन सकता है. खासकर उनके बयान में इस्तेमाल किए गए फूल तोड़ने और हाथ तोड़ने जैसे शब्दों को लेकर सियासी हलकों में चर्चा होने की संभावना है. अब देखना होगा कि विधायक के इस कड़े संदेश के बाद हिसुआ में रंगबाजी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं.
रिपोर्ट: यशवंत सिन्हा