INDIA अलायंस की रैली पर BJP का तीखा प्रहार, रामकृपाल यादव बोले- दिल्ली में जुटी है रामलीला मंडली
INDIA अलायंस की रैली पर BJP ने तीखा हमला बोला है. मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि रामलीला मंडली के सदस्य रामलीला करने के लिए रामलीला मैदान में जुट रहे हैं. वहीं, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी विपक्ष पर निशाना साधा.
राजधानी दिल्ली में आज (1 नवंबर, 2026) होने वाली इंडी गठबंधन की रैली को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए रैली को जनता को गुमराह करने की कोशिश बताया है. बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विपक्ष के आरोपों और रैली के मुद्दों पर सवाल उठाए हैं.
राम कृपाल यादव ने साधा निशाना
बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव ने इंडी गठबंधन की रैली पर तंज कसते हुए कहा कि रामलीला मंडली के सदस्य रामलीला करने के लिए रामलीला मैदान में जुट रहे हैं. उन्होंने विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के बीच फैलाए जा रहे इन दावों पर कौन विश्वास करेगा कि वोट चुरा लिए गए हैं? उन्होंने कहा कि विपक्ष को संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति पर भी भरोसा नहीं है. यहां तक कि विपक्षी नेता भगवान गणेश पर भी सवाल उठा रहे हैं.
'विपक्ष के सभी नेता रामलीला मंडली के सदस्य'
रामकृपाल यादव ने आगे कहा कि विपक्ष के सभी नेता रामलीला मंडली के सदस्य हैं. चाहे तेजस्वी यादव हों या कोई अन्य नेता, सभी राहुल गांधी के नेतृत्व में चलते हैं. उन्होंने विपक्षी नेताओं की तुलना रावण से करते हुए कहा कि जनता चुनाव में इन सभी को हरा देगी.
'एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा'
वहीं, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी विपक्ष की रैली पर सवाल उठाए. उन्होंने जी20 वैश्विक मंच का जिक्र करते हुए विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के बयान का हवाला दिया. उन्होंने कहा कि ऊर्जा, व्यापार, जहाजों और बुनियादी ढांचे पर जानबूझकर किए जा रहे हमले महज संयोग नहीं हैं, बल्कि वैश्विक कीमतों को प्रभावित करने की एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा हैं.
सरावगी ने कहा कि त्योहारों के मौसम में व्यापारी सालभर के नुकसान की भरपाई करने की कोशिश करते हैं लेकिन कई व्यापारिक संगठन इस रैली के समय पर सवाल उठा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि रैली के जरिए जिन मुद्दों को उठाया जा रहा है, वे देश की वास्तविक समस्याएं नहीं हैं बल्कि जनता के बीच झूठा नैरेटिव फैलाने की कोशिश है. (आईएएनएस)
क्या बोले मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल?
बिहार सरकार के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने इंडिया ब्लॉक की दिल्ली में प्रस्तावित रैली को लेकर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक सत्ता की बेचैनी में किसी भी हद तक जाने को तैयार है. 2029 के लोकसभा चुनाव में एनडीए की भारी बहुमत से वापसी की संभावना को देखते हुए विपक्ष लगातार नए-नए मुद्दों पर राजनीति कर रहा है.
मंत्री ने राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन, एसआईआर और अन्य मुद्दों को राजनीतिक नाटक करार देते हुए कहा कि देश की जनता विपक्ष की मंशा समझ चुकी है. उन्होंने दावा किया कि विपक्ष जितना अधिक हंगामा करेगा, उतना ही फायदा एनडीए और राष्ट्रवादी ताकतों को मिलेगा. डॉ. जायसवाल ने विपक्ष पर विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया.
यह भी पढ़ें: SIR और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में विपक्ष एकजुट, झारखंड से भी रामलीला मैदान पहुंचे कई नेता