)
बिहार में अब धीरे-धीरे ठंड ने अपनी दस्तक देनी शुरू कर दी है. सुबह के समय राज्य के सभी जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने लगा है. साथ ही, तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में सर्दी का यह असर और अधिक बढ़ने की उम्मीद है. आज यानी 9 नवंबर 2026 को बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है.
राज्य में बारिश को लेकर फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है और अगले कुछ दिनों तक बारिश की कोई उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 4-5 दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा या विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है, यानी मौसम का मिजाज फिलहाल स्थिर बना रहेगा. हालांकि, सुबह के वक्त हल्का कोहरा जरूर परेशानी या ठंडक का अहसास कराएगा. कोहरे के साथ अब लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है. आने वाले हफ्तों में ठंड और अधिक जोर पकड़ेगी.
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के किसी भी जिले में अगले सात दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है. केवल 11-12 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ हिस्सों में आंशिक बदलाव दिख सकता है, लेकिन कुल मिलाकर पूरे राज्य में मौसम शुष्क ही रहेगा. इसके अलावा, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए राज्य में किसी भी तरह की Warning नहीं की है.
पश्चिम चंपारण, सिवान, सारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी में अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18-20 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है.
सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार में अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18-20 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, औरंगाबाद, अरवल में अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16-20 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.
पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद में अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18-20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया में भी अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18-20 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है.