SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बिहार में नवरात्र का उल्लास, कहीं नंगे पांव पूजा कर सिटी एसपी ने संभाली सुरक्षा, तो कहीं 50 लाख के पंडाल और लेजर शो ने मोहा मन

बिहार में दुर्गापूजा के दौरान मुजफ्फरपुर और वैशाली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा. सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. वहीं, पूर्णिया में भव्य पंडाल और लेजर शो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना.

Edited By Rupak Kumar
Published: Oct 20, 2026, 06:14 AM IST | Updated: Oct 20, 2026, 09:53 AM IST
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)
Join

Durga Puja 2026: दशहरा की नवमी तिथि पर मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना के बाद दुर्गापूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी. भीड़ बढ़ने के बाद मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में रहे. इसी को देखते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी विशेष टीम के साथ शहर के विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों में पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इससे पहले उन्होंने शहर के शक्तिपीठ में नंगे पांव पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया. उन्होंने मां की चुनरी कंधे पर रखी और प्रसाद ग्रहण किया. इस दौरान दुर्गापूजा समिति की ओर से उन्हें सम्मानित भी किया गया. सिटी एसपी की इस धार्मिक आस्था की चर्चा लोगों के बीच होती रही. इसके बाद उन्होंने पंडालों में तैनात पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में मां के दर्शन कर सकें.

अपराध नियंत्रण के साथ सामाजिक सौहार्द में भी सक्रिय रहे सिटी एसपी

इससे पहले भी सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी श्रावण मास में  बाबा गरीबनाथ मंदिर के मुख्य द्वार पर पूरी रात तैनात रहकर श्रद्धालुओं की सेवा कर चुके हैं. उस दौरान उन्होंने भीड़ में कई कांवरियों को दबने से बचाने में मदद की थी. उनके इस कार्य की भी काफी चर्चा हुई थी. लोगों का कहना है कि एक पुलिस अधिकारी के लिए अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द बनाए रखना और भीड़ प्रबंधन पर ध्यान देना भी महत्वपूर्ण है. दुर्गापूजा के दौरान पुलिस प्रशासन की सक्रियता का उद्देश्य यही रहा कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें और मेले में शांति व्यवस्था बनी रहे.

लेजर शो बना आकर्षण का केंद्र

पूर्णिया के रजनी चौक पर इस बार दुर्गापूजा में श्रद्धालुओं को भक्ति और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है. पूजा के 50वें वर्ष को यादगार बनाने के लिए यहां 50 लाख रुपये की लागत से भव्य पंडाल तैयार किया गया है. हालांकि, इस बार पंडाल में दिखाया जा रहा लेजर शो श्रद्धालुओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. आधुनिक तकनीक से तैयार इस शो में रोशनी और दृश्यों के माध्यम से मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का प्रदर्शन किया जा रहा है. सप्तमी को मां का पट खुलते ही पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी. रजनी चौक पूजा समिति ने इस विशेष लेजर शो के लिए नोएडा से आधुनिक उपकरण और तकनीकी विशेषज्ञ बुलाए हैं. शो में दुर्गा स्तुति और शिव तांडव की प्रस्तुति के साथ मां के विभिन्न स्वरूपों को दिखाया जा रहा है. हर पांच मिनट पर होने वाले इस प्रदर्शन को देखने के लिए श्रद्धालु पंडाल के सामने रुक रहे हैं. पूजा समिति के अनुसार, लेजर शो प्रतिदिन शाम छह बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक चलेगा. रजनी चौक के पंडाल में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के साथ मां काली के दर्शन की भी व्यवस्था की गई है. इससे श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर देवी के विभिन्न रूपों के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है. पंडाल की सुंदगता बढ़ाने के लिए पश्चिम बंगाल के चंदननगर से सजावट के लिए लाइटें मंगाई गई हैं.  शाम होते ही रजनी चौक और आसपास का इलाका रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठता है.

1955 से लगातार आयोजित हो रहा कार्यक्रम

वहीं, नवरात्र की नवमी और दशमी के अवसर पर श्री नालंदा नाट्य संघ की ओर से दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन समाजसेवी अरविंद कुमार सिन्हा ने किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि वर्ष 1955 से लगातार आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम के माध्यम से कलाकार भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं. नालंदा नाट्य संघ अपने संसाधनों से बच्चों और युवाओं को गीत-संगीत, नाटक और गायन का प्रशिक्षण देकर सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में जुटा है. दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं. बच्चों ने भक्ति गीतों से दर्शकों का मन मोह लिया.


रिपोर्ट: zee Media

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES