बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजे आने से पहले ही पटना में मोकामा के विधायक अनंत सिंह के आवास पर जश्न की तैयारी शुरू हो गई है. एक दिन पहले मतदान के दिन ही अति उत्साह में अनंत सिंह के आवास पर आतिशबाजी की गई थी, जबकि आज शनिवार को मिठाइयां बनाने का काम शुरू हो गया है. चुनाव परिणाम से पहले ही आवास पर चल रहीं इन तैयारियों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा हो रही है. खास बात यह है कि पटना स्नातक सीट से जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के आवास पर कोई हलचल नहीं है. उनके घर पर न तो आतिशबाजी की जा रही है और न ही मिठाइयां बन रही हैं, लेकिन अनंत सिंह के घर पर दिवाली से पहले ही दिवाली मनाई जा रही है.
दरअसल, अनंत सिंह ने जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह को अपना समर्थन दिया है. अनंत सिंह पहले ही उनकी जीत का दावा कर चुके हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने जीत के बाद एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना भी जताई है. उनके इस दावे के बीच आवास पर मिठाइयां बनाने की तैयारी को चुनाव परिणाम से पहले संभावित जश्न के तौर पर देखा जा रहा है. अनंत सिंह ने इस बारे में कहा कि जीत पक्की है. मतगणना अपने नियम से होगा, लेकिन जनता हमारे साथ है. अनुज सिंह की जीत पक्की है.
हालांकि, विधान परिषद चुनाव के नतीजे अभी घोषित नहीं हुए हैं. चुनाव परिणाम 27 अक्टूबर को आएगा. ऐसे में अब सबकी नजरें मतगणना पर टिकी हैं. परिणाम आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि अनंत सिंह के समर्थन वाले प्रत्याशी अनुज सिंह को चुनाव में कितनी सफलता मिलती है. फिलहाल, नतीजों से पहले अनंत सिंह के आवास पर आतिशबाजी के बाद मिठाइयां बनाने की तैयारी चर्चा का विषय बनी हुई है.
पूरे विधान परिषद चुनाव में अनुज सिंह को कुछ करने की जरूरत ही नहीं पड़ी. अनंत सिंह निकले प्रचार करने और अनुज सिंह केवल चेहरा बने रहे. बयानबाजियां अनंत सिंह की ही रही. विरोधियों का जवाब भी अनंत सिंह ने ही दिया. और तो और अपने दल से बगावत भी अनंत सिंह ने ही की. प्रशांत किशोर यह सब देखकर खुश हो रहे होंगे कि पटना स्नातक सीट पर उनको अतिरिक्त मेहनत ही नहीं करनी पड़ी. उनकी पुरानी पार्टी के कद्दावर नेता ने ही जन सुराज के प्रत्याशी की जीत के लिए घोड़े खोल दिए हैं. इसी को कहते हैं बिन मांगे मोती मिले...
शिवम राज की रिपोर्ट