SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बिहार MLC चुनाव: NDA की बढ़ी धड़कनें, अनंत सिंह और बागियों ने बढ़ाई गठबंधन की टेंशन, RJD का दावा- 8 सीट पर जीत तय

बिहार में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की 8 सीटों पर हो रहे एमएलसी चुनाव को लेकर एनडीए में लगातार बैठकें हो रही हैं. विपक्ष का दावा है कि जीत हमारी सुनिश्चित है, जबकि एनडीए की टेंशन अनंत सिंह और बागियों ने बढ़ा दी है.

Edited By Shailendra
Published: Oct 15, 2026, 05:57 PM IST | Updated: Oct 15, 2026, 06:06 PM IST
Image Credit: बिहार MLC चुनाव का दंगल (Z News)
Join

बिहार में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 8 सीटों पर एमएलसी चुनाव हो रहे हैं, जिसको लेकर तमाम दलों और गठबंधनों ने पूरी ताकत झोंक दी है. 14 अक्टूबर, 2926 दिन बुधवार को बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में लगातार बैठकों का दौर चला, तो वहीं 15 अक्टूबर, 2026 दिन गुरुवार को जदयू कार्यालय में भी एनडीए की बैठक हुई. सबका मकसद एक ही है कि सभी सीटों पर एनडीए की जीत हो.

'जदयू की बैठक और अनंत सिंह का सुर अलग'

वहीं, राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि ग्रेजुएट निर्वाचन क्षेत्र और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-सात जगहों पर राष्ट्रीय जनता दल लड़ रहा है और एक जगह पर हम लोगों ने कम्युनिस्ट पार्टी को समर्थन दिया है. आठों सीटों पर राष्ट्रीय जनता दल ने अपना झंडा लगभग फहरा दिया है. सिर्फ परिणाम का इंतजार करिए, कोई भी लड़ाई में नहीं है. कहां से लड़ाई में रहेगा भाई? इनके तो घर में ही आग लगी हुई है. कभी एनडीए की बैठक, कभी बीजेपी की बैठक, कभी जदयू की बैठक और अनंत सिंह का सुर तो अलग ही है.

वोट इन्हें दे कौन? कहां देगा वोट?- राजद

उन्होंने आगे कहा कि अब सवाल उठता है कि वोट इन्हें दे कौन? कहां देगा वोट? ग्रेजुएट या शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में इन लोगों का कोई स्थान नहीं होता है. प्रत्याशियों में पूरी तरह शैक्षणिक आभा होनी चाहिए. हर जगह यही चर्चा है कि अब हमें बौद्धिक लोग चाहिए.

'कोई घबराहट नहीं है, हम सभी सीटों पर जीत दर्ज कर रहे'

विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए बीजेपी के प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि कोई घबराहट नहीं है, हम सभी सीटों पर जीत दर्ज कर रहे हैं. हमारी बैठकें तैयारियों के लिए होती हैं, जिसमें हम इस बात की समीक्षा करते हैं कि कहां कोई कमी-बेसी रह गई है और कार्यकर्ताओं को क्या जिम्मेदारियां दी जानी हैं. एक-एक मतदाता से संपर्क साधने और उन्हें बूथ तक लाने की जिम्मेदारी तय करने के लिए ही हम बैठकें करते हैं ताकि हमारे कार्यकर्ता पूरी मुस्तैदी से काम में लग सकें.

'हमने ऐसे दो लोगों को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया'

उन्होंने आगे कहा कि जहां तक घबराहट की बात है, तो वह विपक्ष में है. एनडीए की सभी सीटों पर जीत तय है, इसलिए विपक्ष अनर्गल बयानबाजी कर रहा है, जिसमें कोई तथ्य या सच्चाई नहीं है. हम पूरी मजबूती के साथ आठों सीटों पर चुनाव जीतने जा रहे हैं. विपक्ष पूरी तरह बिखरा हुआ है और आपस में टकरा रहा है. एक-दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार उतारकर वे एक-दूसरे के खिलाफ ही वोट मांग रहे हैं. हमारे यहां ऐसा कोई विरोध नहीं है. एकाद व्यक्ति जो विरोध कर रहा है, उसका कोई असर नहीं पड़ने वाला है. हमने ऐसे दो लोगों को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है. राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उम्मीदवार के खिलाफ जो लोग विरोध कर रहे थे, उनकी पार्टी ने भी उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया है.

यह भी पढ़ें: भीड़ के उत्साह को देख पैदल चलने लगे सीएम सम्राट: मुजफ्फरपुर को 140.95 करोड़ का तोहफा, लेदर पार्क का किया उद्घाटन

'मतदाता एनडीए के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और हम ही चुनाव जीतेंगे'

अनंत सिंह के मामले पर उन्होंने कहा कि यह जदयू का अंदरूनी मामला है कि वे अपनी पार्टी के बागी विधायक से कैसे निपटेंगे. हालांकि, इस तरह के विरोध से चुनाव पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है. मतदाता सरकार और एनडीए के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और हम ही चुनाव जीतेंगे.

'बागियों ने एनडीए के नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल रखा'

कांग्रेस के प्रवक्ता शिशिर कौण्डिल्य ने कहा कि एनडीए के बागियों ने एनडीए के नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है. जिस तरह से अनंत बाबू एनडीए से इतर जन सुराज का झंडा बुलंद कर रहे हैं, जनता दल यूनाइटेड में अभी तक इतनी हिम्मत नहीं हुई कि वे उनके खिलाफ कोई कार्रवाई कर सकें. डैमेज कंट्रोल करने के लिए ही कभी बीजेपी और कभी एनडीए की बैठकें बुलाई जा रही हैं. एमएलसी चुनाव में जो परिस्थितियां उत्पन्न हुई हैं, उसके पीछे सारा का सारा कमाल ऑपरेशन लोटस का ही है.

रिपोर्ट: रुपेंद्र श्रीवास्तव

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES