)
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 15 अक्टूबर, 2026 दिन गुरुवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे. सीएम सम्राट ने मुजफ्फरपुर के मोतीपुर के महवल औद्योगिक क्षेत्र में लेदर क्लस्टर का उद्घाटन किया. महवल में 140.95 करोड़ की लागत से बने मेगा लेदर, फुटवीयर और एसेसरीज पार्क का सीएम ने उद्घाटन किया. वहीं, करीब 15.94 करोड़ की लागत से कॉमन फैसिलिटी सेंटर का भी मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किया. इस दौरान भीड़ का उत्साह देखकर वह कारकेट से उतरकर पैदल चलने लगे.
बिहार के तमाम बड़े अधिकारी भी मोतीपुर पहुंचे
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, मंत्री केदार गुप्ता, मंत्री रमा निषाद समेत स्थानीय सांसद और कई विधायक भी मौजूद रहे. इस दौरान बिहार के तमाम बड़े अधिकारी भी मोतीपुर पहुंचे. उद्योग विभाग की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम में उद्योग विभाग और बियाडा के तमाम अधिकारी मौजूद रहे.
सीएम ने जीविका दीदियों से बात की, स्टॉल का निरीक्षण किया
सीएम सम्राट चौधरी ने फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर ही फीता काटकर लेदर पार्क का उद्घाटन किया. वहीं, अंदर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई. इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सीएम ने चेक सौंपा. साथ ही भूमिहीनों को वासकित पर्चा भी बांटा. सीएम ने जीविका दीदियों से बात की और उनके स्टॉल का निरीक्षण किया.
उत्साहित भीड़ देख कारकेट से उतर पैदल चलने लगे सीएम
सीएम जब हेलीकॉप्टर से पहुंचे तो उन्हें देखने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई. सीएम के कारकेट को देख जब लोग उत्साहित हुए, तो सीएम कारकेट से उतरकर पैदल अभिवादन करते हुए उद्घाटन स्थल तक पहुंचे.
सीएफसी से एमएसएमई के क्षेत्र में नई क्रांति आएगी
मुजफ्फरपुर के महवल में स्थापित लेदर पार्क को उद्योग के क्षेत्र में बेहतर कदम माना जा रहा है. यहां लेदर से बैग, जूते बनाए जाएंगे, जिसके लिए करोड़ों की मशीनें लगाई गई हैं. इस लेदर क्लस्टर से करीब 2100 लोगों को रोजगार मिलेगा. सीएफसी से एमएसएमई के क्षेत्र में नई क्रांति आएगी और छोटे उद्यमियों को काफी लाभ मिलेगा.
बता दें कि इससे पहले सीएम सम्राट चौधरी ने बिहार की राजधानी पटना से राज्य के किसानों को जागरूक करने के साथ फसल उत्पादन बढ़ाने के लिए रबी अभियान की शुरुआत की. इस अभियान के तहत बिहार के सभी जिलों में किसानों को जागरूक करने के लिए कृषि की गाड़ियां भेजी जाएंगी. यह किसानों को अच्छी खेती कैसे करें और फसल का उत्पाद कैसे बढ़ाएं, इसके लिए आधुनिक तकनीकी की जानकारी उपलब्ध कराएंगे.
इनपुट: मणितोष कुमार