)
बिहार में विधान पार्षद की 8 सीटों पर चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ता जा रहा है. खासकर पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के समीकरण बड़ी तेजी से बदल रहे हैं. यहां जेडीयू के नीरज कुमार, राजद के नीरज पटेल और जनसुराज के डॉ. अनुज सिंह के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है. नीरज कुमार को लेकर जेडीयू की अंदरूनी कलह सामने आ गई है. मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार की जगह अनुज सिंह का समर्थन किया है. अब जनसुराज पार्टी के नेता प्रियदर्शी पीयूष ने अपनी पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशी यानी अनुज सिंह का विरोध कर दिया है. उन्होंने अनुज सिंह को अनंत सिंह का समर्थन मिलने पर आपत्ति जताई है.
अनंत सिंह के कारण अनुज सिंह का विरोध किया
प्रियदर्शी पीयूष ने कहा कि पटना स्नातक क्षेत्र से जन सुराज कैंडिडेट डॉ. अनुज सिंह का अनंत सिंह समर्थन कर रहे हैं, इसलिए मैं उनका समर्थन नहीं कर सकता हूं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करके लिखा कि पटना स्नातक MLC चुनाव के संदर्भ में मैं अपना स्पष्ट और सिद्धांतगत रुख सार्वजनिक करना आवश्यक समझता हूं. मैं अनंत सिंह समर्थित जन सुराज उम्मीदवार का समर्थन नहीं कर रहा हूं. प्रियदर्शी पीयूष ने मतदाताओं से अपील करते हुए आगे कहा कि मेरा आग्रह है कि प्रत्येक मतदाता अपने विवेक, राजनीतिक मूल्यों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर सोच-समझकर अपने मत का प्रयोग करे.
दुलारचंद की हत्या को लेकर विरोध जताया
उन्होंने कहा कि अनंत सिंह पर दुलारचंद यादव की हत्या के गंभीर आरोप लगे हैं. उनके स्वभाव और उनकी कार्यशैली कैसी रही है, यह सभी लोग भली-भांति जानते हैं. प्रियदर्शी ने कहा कि जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह अपनी नीतियों और वैचारिक प्रतिबद्धताओं को दरकिनार कर उसी पुराने बाहुबल की बैसाखी के सहारे चुनावी मैदान में खड़े हैं. उन्होंने कहा कि अगर कोई प्रत्याशी अपराध और बाहुबल की राजनीति के आगे नतमस्तक हो जाए तथा अपनी वैचारिक प्रतिबद्धताओं से समझौता कर ले, तो वह हमारे शिक्षित समाज का प्रतिनिधित्व कैसे कर सकता है? इस मामले में मैं किसी भी प्रकार का राजनीतिक समझौता नहीं कर सकता.
जेडीयू के बाद जन सुराज में भी कलह
उन्होंने कहा कि हम आज भी दुलारचंद यादव जी के मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं. इसलिए उस व्यक्ति का समर्थन लेना, मेरे आदर्शों के खिलाफ है. बता दें कि मोकामा विधायक अनंत सिंह ने अपनी पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध करते हुए डॉ. अनुज सिंह का खुलकर समर्थन करने का ऐलान किया है. इसको लेकर जेडीयू में बड़ा घमासान देखने को मिल रहा है. जेडीयू का शीर्ष नेतृत्व भी इस कलह को रोकने में लाचार नजर आ रहा है. अब ऐसी ही स्थिति जन सुराज में पैदा हो गई है.