SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बिहार में 4 सरकारी अधिकारियों पर गिरी गाज, दाखिल-खारिज में लापरवाही से गलत जाति प्रमाण पत्र तक के आरोप

बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में चार अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई को मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने मंजूरी दी है. इन अधिकारियों पर दाखिल-खारिज में लापरवाही, गलत जाति प्रमाण पत्र जारी करने और सरकारी काम से अनुपस्थित रहने के आरोप हैं.

Edited By Ansh Raj
Published: Nov 26, 2026, 17:06 IST | Updated: Nov 26, 2026, 17:07 IST
Image Credit: Bihar Corruption
Join

बिहार में सरकारी विभागों में लापरवाही, रिश्वतखोरी और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर लगातार कार्रवाई के मामले सामने आ रहे हैं. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में चार अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई को मंजूरी दी गई है. वहीं, अतरी के तत्कालीन अंचल अधिकारी के खिलाफ रिश्वत मांगने के आरोप में आरोप-पत्र गठित किया गया है. दूसरी ओर, भागलपुर के शिक्षा विभाग में मध्याह्न भोजन योजना से जुड़े डीपीएम को 1 लाख 10 हजार रुपये रिश्वत लेते निगरानी की टीम ने गिरफ्तार किया है. इन मामलों ने बिहार के सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल खड़े किए हैं.

राजस्व विभाग के 4 अधिकारियों पर अनुशासनिक कार्रवाई
बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में चार अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है. राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने इन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई को मंजूरी दी है. मधुबनपुर के अंचल अधिकारी रंजीत कुमार के खिलाफ अनुशासनिक कार्यवाही संचालित करने का निर्णय लिया गया है. वहीं, गरखा की अंचल अधिकारी नीली यादव, किशनगंज के ओम प्रकाश भगत और मदनपुर के मो. अकबर हुसैन के खिलाफ आरोप-पत्र गठित किया गया है. इन अधिकारियों पर दाखिल-खारिज के काम में लापरवाही, गलत जाति प्रमाण पत्र जारी करने और सरकारी काम के दौरान अनुपस्थित रहने समेत अलग-अलग आरोप हैं.

रिश्वत मांगने के आरोप में अतरी के तत्कालीन CO पर कार्रवाई
राजस्व विभाग में ही 23 नवंबर को दो अन्य अधिकारियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई का विवरण जारी किया गया. इसमें अतरी के तत्कालीन अंचल अधिकारी दिलीप कुमार के खिलाफ जमीन के दाखिल-खारिज पर रोक लगाने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में आरोप-पत्र गठित किया गया है. दिलीप कुमार निगरानी थाना कांड संख्या 62/2025 के प्राथमिक अभियुक्त भी हैं. वहीं, तत्कालीन अंचल अधिकारी कमल नयन कश्यप के खिलाफ अधिशेष घोषित भूमि का दाखिल-खारिज करने के मामले में कार्रवाई की गई है. विभाग ने उनकी दो वेतनवृद्धियों पर संचयी प्रभाव के बिना रोक लगाने का फैसला लिया है.

भागलपुर शिक्षा विभाग में 1.10 लाख की रिश्वत लेते DPM गिरफ्तार
उधर, भागलपुर के शिक्षा विभाग में भी भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है. यहां मध्याह्न भोजन योजना में कार्यरत डीपीएम मनोज कुमार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने 1 लाख 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई बीआरपी रजनीश कुमार दास की शिकायत पर की गई. उनका आरोप था कि डीपीएम नौकरी समाप्त करने की धमकी देकर रिश्वत मांग रहे थे. पटना से पहुंची निगरानी टीम ने जाल बिछाकर उन्हें गिरफ्तार किया.

98 लाख के घोटाले के बाद फिर सवालों में शिक्षा विभाग
भागलपुर शिक्षा विभाग में यह पहला विवाद नहीं है. पिछले महीने मध्याह्न भोजन योजना में करीब 98 लाख रुपये के घोटाले का मामला सामने आया था. इस मामले में पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटर अविनाश पर कार्रवाई हुई थी. तत्कालीन डीपीओ और डीईओ पर भी कार्रवाई की गई थी. इसके बाद रिश्वतखोरी का मामला सामने आने से विभाग एक बार फिर सवालों के घेरे में है. खास बात यह है कि जिस बीआरपी की शिकायत पर डीपीएम गिरफ्तार हुए, उसी रजनीश कुमार दास की सेवा समाप्त करने का आदेश भी गिरफ्तारी वाले दिन जारी किया गया था. इस घटनाक्रम को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच शिक्षा विभाग ने भागलपुर में नए डीपीओ और डीईओ की तैनाती की है. अब चुनौती विभाग की छवि सुधारने, व्यवस्था को पटरी पर लाने और वित्तीय अनियमितताओं पर रोक लगाने की है. बिहार में एक के बाद एक सामने आ रहे ये मामले सरकारी विभागों में पारदर्शिता और अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं.

सनी कुमार की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES