SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Bihar Flood: हेलीकॉप्टर से गिराई गई राहत सामग्री, बुजुर्ग के सिर पर गिरने से मौत, 2 बच्चों का पैर भी टूटा

मृतक की पहचान परशुरामपुर निवासी अनिल कुमार सिंह के रूप में की गई है. वहीं, हादसे में एक महिल और 2 बच्चों के घायल होने की भी जानकारी मिल रही है. पुलिस की ओर से इस घटना की पुष्टि की गई है.

Reported By Zee Bihar Network Edited By K. Raj Mishra
Published: Oct 03, 2026, 01:54 PM IST | Updated: Oct 03, 2026, 02:15 PM IST
Image Credit: हेलीकॉप्टर से गिराई गई राहत सामग्री, बुजुर्ग के सिर पर गिरने से मौत (Zee Media)
Join

बिहार एक बार फिर से बाढ़ की चपेट में है. सारण के रौद्र रूप धारण करने से सबसे ज्यादा तबाही पश्चिम चंपारण एवं सारण जिले में देखने को मिल रही है. दोनों जिलों के लाखों लोग इस बाढ़ से प्रभावित हो रखे हैं. भारतीय वायुसेना की मदद से बाढ़ प्रभावित लोगों को खाने-पीने और अन्य जरूरी राहत सामग्री देने का किया जा रहा है. इस दौरान सारण जिले के अमनौर प्रखंड के पसुरामपुर गांव में बड़ा हादसा हो गया. यहां हेलीकॉप्टर से गिराई जा रही राहत सामग्री एक बुजुर्ग के सिर पर गिरने से उसकी मौत हो गई.  मृतक की पहचान अनिल कुमार सिंह उर्फ अप्पू सिंह (65 वर्षीय) के रूप में हुई.

राहत सामग्री आफत लेकर आई

हेलीकॉप्टर की तेज हवा की चपेट में आने से एक महिला छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे में महिला के दो बच्चे भी घायल हो गए. एक ही गांव में हुए दो हादसों से बाढ़ पीड़ितों के बीच अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार, परशुरामपुर गांव बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है. गांव के कई परिवारों ने बाढ़ से बचने के लिए बांध पर शरण ले रखी है. शुक्रवार को बाढ़ पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर से सूखा राशन गिराया जा रहा था. इसी दौरान अनिल कुमार सिंह राहत सामग्री लेने जा रहे थे. तभी ऊपर से गिराई गई राहत सामग्री सीधे उनके सिर पर जा गिरी. गंभीर चोट लगने से उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.

बुजुर्ग की मौत से गांव में मातम

अमनौर थानाध्यक्ष विमलेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अनिल कुमार सिंह राहत सामग्री लेने जा रहे थे. इसी दौरान उनके सिर पर सामग्री गिर गई, जिससे उनकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया. बुजुर्ग की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. इसी गांव में राहत सामग्री वितरण के दौरान दूसरा हादसा भी हुआ.

हेलीकॉप्टर की तेज हवा से गिरी महिला

बताया जा रहा है कि रंभा देवी अपने दो बच्चों के साथ घर की छत पर खड़ी होकर हेलीकॉप्टर से राहत सामग्री गिराए जाने का इंतजार कर रही थीं. इसी दौरान हेलीकॉप्टर की तेज हवा के कारण वह संतुलन खो बैठीं और छत से बगल के मकान पर जा गिरीं. हादसे में उनकी कमर में गंभीर चोट आई है, जबकि उनके दोनों बच्चों के पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी मिली है. तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. बाढ़ की मार झेल रहे परशुरामपुर के ग्रामीणों के लिए राहत सामग्री लेने की कोशिश इस हादसे में एक परिवार के लिए मातम और दूसरे के लिए मुसीबत बन गई. एक बुजुर्ग की मौत और तीन लोगों के घायल होने की घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है.

रिपोर्ट- राकेश सिंह

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES