SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बिहार में गोलीबारी की दो घटनाओं से मचा हड़कंप, नालंदा में ट्रक चालक की हत्या, वहीं समस्तीपुर में भी युवक को लगी गोली

बिहार में गोलीबारी की दो घटनाओं से हड़कंप मच गया है. नालंदा में मोटरसाइकिल खड़ी करने के विवाद में ट्रक चालक सुनील कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वहीं, समस्तीपुर में दुर्गा पूजा का मेला देखने आए विवेक कुमार को गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए.

Edited By Rupak Kumar
Published: Oct 21, 2026, 12:05 PM IST | Updated: Oct 21, 2026, 12:14 PM IST
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)
Join

बिहार में गोलीबारी की दो घटनाओं से हड़कंप मच गया है. पहले नालंदा जिले में गोलीबारी की एक बड़ी घटना सामने आई है. यहां दरवाजे पर चोरी की मोटरसाइकिल खड़ी करने के विवाद में एक ट्रक चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना हरनौत थाना क्षेत्र के पोरई गांव की है, जहां दशहरा मेला घूमकर घर लौटे सुनील कुमार की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई. परिजनों के मुताबिक, सुनील फरीदाबाद में रहकर ट्रक चलाते थे और दशहरा के अवसर पर पूजा करने अपने घर आए हुए थे. बताया जाता है कि देर रात मेला घूमकर लौटने के दौरान उन्होंने घर के दरवाजे पर खड़ी दो मोटरसाइकिलों को हटाने के लिए कहा. इसी बात को लेकर पड़ोसी सौरभ और गौरव से विवाद हो गया.

सिर में गोली लगने से मौत

आरोप है कि विवाद के दौरान सौरभ ने भीड़ के बीच सुनील के सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. परिजनों ने बताया कि मोटरसाइकिल चोरी की होने की सूचना वार्ड पार्षद प्रतिनिधि को दी गई थी और इस मामले को लेकर बातचीत भी चल रही थी. आरोप है कि इसी दौरान दोनों भाइयों ने भीड़ के बीच पहुंचकर सुनील को गोली मार दी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. फिलहाल, मामले में गिरफ्तारी की सूचना नहीं है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: आरा में विजयादशमी की रात बदमाशों ने होमगार्ड के बेटे को मारी गोली, पुलिस ने पुरानी रंजिश में हमले की आशंका जताई

दुर्गा पूजा मेले में गोली लगने से युवक घायल

वहीं, दूसरी ओर समस्तीपुर में दुर्गा पूजा के मेले में गोली लगने से एक युवक जख्मी हो गया. घटना समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के बेला पंचरुखी की है. जख्मी युवक को स्थानीय लोगों की मदद से समस्तीपुर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज जारी है. जख्मी युवक की पहचान बेला पंचरुखी निवासी संजीत राय के पुत्र विवेक कुमार उर्फ ऋषभ के रूप में हुई है. वह वार्ड संख्या-14 का निवासी बताया गया है.

विवाद के बाद हुई फायरिंग

जख्मी युवक के अनुसार, दुर्गा पूजा के अवसर पर पंचरुखी में मेला लगा हुआ था. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद के बीच फायरिंग होने लगी और एक गोली युवक को लग गई. गोली चलने की आवाज से मेले में मौजूद लोगों के बीच दहशत फैल गई. घटना की सूचना मिलने पर कर्पूरीग्राम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस फायरिंग के कारणों का पता लगाने के साथ ही घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है. फिलहाल, विवाद की वजह और फायरिंग में शामिल लोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.

रिपोर्ट: ऋषिकेश कुमार (नालंदा), मंटुन कुमार रॉय (समस्तीपुर)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES