)
समस्तीपुर जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है. इसी क्रम में मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर हाई स्कूल के समीप पुलिस की मुठभेड़ में एक अपराधी के पैर में गोली लगी है. जख्मी हालत में उसे इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल अपराधी की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के नीरपुर निवासी मनीष कुमार सिंह के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि मनीष का नाम जिले के वांछित अपराधियों में शामिल है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है. हालांकि, मुठभेड़ किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस की टीम अपराधी तक कैसे पहुंची ,इसे लेकर आधिकारिक तौर पर जानकारी नहीं दी गई है .वहीं, घटना के संबंध में जानकारी लेने के लिए जब पुलिस के वरीय अधिकारियों से सवाल किए गए, तो वे मीडिया के सवालों से बचते नजर आए.
पटना के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में गुरुवार (29 अक्टूबर) की रात अपराधियों ने बीच सड़क 50 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना नेहरू पथ स्थित खाजपुरा पिलर नंबर 17 के पास रात करीब आठ बजे हुई. मृतका की पहचान उर्मिला देवी के रूप में हुई है. हत्या का आरोप उनके छोटे दामाद मुकेश उर्फ गुल्ला पर लगा है. मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय सड़क पर काफी भीड़ थी और आसपास की दुकानें भी खुली थीं, लेकिन किसी ने महिला की मदद नहीं की.
बताया जा रहा है कि उर्मिला की छोटी बेटी ने पिछले साल मुकेश से प्रेम विवाह किया था. मुकेश हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है और चार महीने पहले ही बाहर आया था. बेटी के अनुसार, वह नशे में उसके साथ मारपीट करता था. इसी वजह से वह मां के साथ रहने लगी थी. मुकेश पत्नी के वापस नहीं लौटने के लिए अपनी सास को जिम्मेदार मानता था और उन्हें जान से मारने की धमकी देता था. सचिवालय एसडीपीओ-2 साकेत कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है. उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
नवादा जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के लखपत बीघा गांव के पास कटोहल जंगल के पास एक युवक का शव फंदे से लटका बरामद किया गया है. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान गांव निवासी वीरेंद्र प्रसाद के करीब 25 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, छोटू कुमार कमाने के लिए गुजरात गया था. इसके बाद उसका मोबाइल लगातार बंद रहने लगा. परिजनों ने अन्य लोगों से भी उसके बारे में जानकारी ली थी. कुछ लोगों ने बताया कि वह घर लौट गया है, लेकिन वह न तो घर पहुंचा और न ही अपने ससुराल गया था.
करीब दो महीने बाद उसका शव मिलने से परिवार के लोग सदमे में हैं. घटना के बाद कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं. हालांकि, परिजनों ने फिलहाल किसी पर संदेह नहीं जताया है. गोविंदपुर थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला है. परिवार के लोगों ने किसी पर आशंका जाहिर नहीं की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल युवक की मौत हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा.
रिपोर्ट: जी मीडिया