)
बिहार के कई जिलों से अपराध की खबरें सामने आईं है. समस्तीपुर के रोसड़ा में दुकान खोलते ही बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर लैपटॉप और नगदी लूट ली, वहीं कल्याणपुर में एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. बेगूसराय के नयागांव में बदमाशों ने धारदार हथियार से एक युवक का गला काटकर उसे मरा समझकर गंगा किनारे फेंक दिया. दूसरी ओर, पटना के फुलवारीशरीफ में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक करोड़ से अधिक मूल्य के स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है.
समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के मब्बी चौक स्थित यूनिक कंप्यूटर दुकान में कल सुबह दुकान खोलते ही तीन हथियारबंद बदमाश घुस गए. बाइक सवार बदमाशों ने दुकानदार को हथियार से धमकाया और लैपटॉप वाला बैग लेकर फरार हो गए. बैग में करीब 50 हजार रुपये नकद, एक लैपटॉप और कुछ जरूरी सामान रखा था. घटना के बाद दुकानदार ने आसपास के लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दी. दुकानदार के भाई के अनुसार, एमडी हसमत सुबह करीब 9:30 बजे दुकान खोलने पहुंचे थे. दुकान खोलने के बाद वह अंदर झाड़ू लगा रहे थे. इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे. तीनों सीधे दुकान के अंदर घुस गए और हथियार दिखाकर लैपटॉप वाला बैग मांगने लगे.
बैग में करीब 50 हजार रुपये नकद के अलावा लैपटॉप और अन्य जरूरी सामान रखा था. दुकानदार ने जब बदमाशों का विरोध करने का प्रयास किया, तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी. हथियार देखकर दुकानदार डर गया और बदमाश बैग लेकर बाइक से फरार हो गए. वहीं, लूट की घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें अपराधी पिस्टल के बल पर लूट की इस वारदात को अंजाम देते दिख रहे हैं. अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
समस्तीपुर में बेखौफ अपराधियों ने पिछले 24 घंटों के भीतर हथियार के बल पर लूट की घटनाओं और एक स्वर्ण व्यवसायी की हत्या के बाद अब एक और युवक को गोली मारकर जख्मी कर दिया गया है. लगातार हो रही इन वारदातों से जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. ताजा मामला कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर तारा गांव का है, जहां देर शाम मुंह में गोली लगने से 19 वर्षीय युवक घायल हो गया. घायल की पहचान गांव के स्वर्गीय राई साहब सहनी के पुत्र रजनीश कुमार के रूप में हुई है.
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कल्याणपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया. फिलहाल युवक को गोली कैसे लगी और यह घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है. लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बीच कल्याणपुर में हुई इस वारदात ने एक बार फिर जिले की सुरक्षा व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है. अब देखना यह होगा कि पुलिस मामले की जांच कर घटना की वजह और इसमें शामिल अपराधियों तक पहुंचने के लिए क्या कदम उठाती है.
बेगूसराय में अपराधियों ने एक बार फिर सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है. नयागांव थाना क्षेत्र के महेंद्रपुर गांव स्थित गंगा किनारे एक युवक को गंभीर रूप से घायल अवस्था में फेंके जाने से इलाके में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि अज्ञात अपराधियों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसका गला काट दिया और उसे मृत समझकर गंगा किनारे फेंक दिया. कुछ देर बाद स्थानीय लोगों की नजर तड़पते हुए युवक पर पड़ी, जिसके बाद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना नयागांव थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है. युवक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
वहीं, इस मामले में पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि गंगा किनारे से एक युवक को घायल अवस्था में बरामद किया गया है. उसकी गर्दन और शरीर के कई अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले हैं. पुलिस के अनुसार, युवक फिलहाल इस स्थिति में नहीं है कि वह घटना के संबंध में कुछ बता सके. उसकी पहचान करने और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात को किसने और किन परिस्थितियों में अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है. घायल युवक की पहचान और उसके बयान के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है.
पटना पुलिस को नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. यह घटना फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के मिल्लत कॉलोनी और गैस नगर की बताई जा रही है, जहां एक कारोबारी स्मैक की बड़ी खेप लाकर अलग-अलग इलाकों में बेचने की तैयारी कर रहा था. पुलिस को इसकी गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी के दौरान उस शख्स के पास से 1 किलो 771 ग्राम सफेद रंग की स्मैक बरामद हुई. पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की, जहां से एक देशी पिस्तौल, दो मैगजीन, दो एयर गन और स्मैक तौलने के डिजिटल उपकरण बरामद हुए.
पुलिस ने सभी सामानों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. जब्त स्मैक की कीमत बाजार में 1 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है. पटना सेंट्रल एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में एक टीम गठित कर युवक को गिरफ्तार किया गया. पुलिस इस कार्रवाई को बहुत बड़ी सफलता मान रही है और गिरफ्तार व्यक्ति के अन्य साथियों तथा सरगना की तलाश कर रही है.