बिहार में सनसनीखेज वारदात, पटना में चाचा ने भतीजे के सीने में उतारीं 6 गोलियां... शिवहर में भाई ने ली बहन की जान
बिहार के दो जिलों से सनसनीखेज वारदात सामने आई है. एक तरफ पटना में प्रेम संबंध के चक्कर में चाचा ने अपने भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी. वहीं, दूसरी ओर शिवहर में भाई ने चचेरे भाई के साथ मिलकर अपनी ही नाबालिग बहन को मौत के घाट उतार दिया.
दानापुर के फुलवारी शरीफ में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में एक चाचा ने अपने ही भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है, जबकि आरोपी चाचा ललन घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल पर फुलवारी शरीफ एसडीपीओ-1 एएसपी नारायण उपाध्याय भी पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रहे हैं.
प्रेम संबंध को लेकर हुई घटना
बताया जा रहा है कि दीपक कुमार की पत्नी के साथ उसके चाचा ललन के कथित प्रेम संबंध को लेकर दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था. आरोप है कि दीपक को जब इस संबंध की जानकारी हुई, तो उसने इसका विरोध किया. इसी बात को लेकर परिवार में तनाव बना हुआ था. मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था. मंगलवार की सुबह एक बार फिर विवाद बढ़ गया. इसी दौरान आरोप है कि चाचा ललन ने हथियार निकालकर दीपक को गोली मार दी. गोली लगने से दीपक की घर के दरवाजे पर ही मौत हो गई.
दीपक जेल में था, पत्नी-चाचा की नजदीकी बढ़ी
बताया जा रहा है कि दीपक कुमार पहले एक हत्या के मामले में करीब चार साल तक जेल में रहा था. इसी दौरान उसके चाचा ललन और दीपक की पत्नी के बीच कथित प्रेम संबंध शुरू होने की बात सामने आई है. जेल से बाहर आने के बाद दीपक को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ता चला गया. हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है. घटना के बाद आरोपी चाचा ललन फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. मौके पर पहुंचे फुलवारी शरीफ एसडीपीओ-1 एएसपी नारायण उपाध्याय मामले की छानबीन में जुटे हैं उन्होंने बताया मौके से 6 खोखे बारामद हुए है.
भतीजे की सीने में उतार दी 6 गोलियां
पहले मिस फायर हुआ.उसके बाद फिर दूसरे दरवाजा से आकर एक के बाद एक 6 गोलियां ललन शर्मा ने अपने भतीजा के सीने में उतार दिया. फुलवारी शरीफ में हुई इस हत्या के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. शुरुआती जानकारी में प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद की बात सामने आई है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. मृतक के पिता विंध्याचल शर्मा ने बताया कि मेरे भाई ललन शर्मा ने ही मेरे बेटे की हत्या की है. वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
शिवहर में नाबालिग लड़की की हत्या
वहीं, शिवहर जिले से एक बार फिर ऑनर किलिंग का एक मामला सामने आया है. प्रेम प्रसंग में भाई के साथ मिलकर परिजनों ने नाबालिग लड़की की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को पोखर किनारे फेंक दिया गया. यह पूरा मामला पूरनहिया थाना क्षेत्र के हथसार गांव की बताई जा रही है. एसपी शैलेंद्र सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतिका को उसके भाई ने ही अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या कर पोखर किनारे शव फेंक दिया था.
पूरनहिया थाना में नाबालिग बच्ची की गुमशुदा होने की प्राथमिकी उसके माता फेंकनी देवी ने दर्ज कराई थी. पुलिस ने मामले की जांच की तो मृतका के भाई मनोज कुमार और चचेरे भाई की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने मृतिका के भाई मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.
वहीं, जब चचेरे भाई की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी करने पहुंची, तो स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम पर हमला किया और गिरफ्तार आरोपी चचेरे भाई को पुलिस कस्टडी से छुड़ा लिया गया. इतना ही नहीं, पुलिस की गाड़ी पर तोड़फोड़ भी की. पुलिस ने अभद्र व्यवहार करने पर अलग से प्राथमिकी दर्ज कर 13 लोग समेत 20 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
दानापुर से इश्तेयाक खान और शिवहर से त्रिपुरारी शरण की रिपोर्ट