भागलपुर में Executive Engineer पर शिकंजा: 1.50 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति पर छापेमारी, पटना से कटिहार तक हड़कंप
ग्रामीण कार्य विभाग में तैनात एग्जीक्यूटिव इंजीनियर पर आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आने पर विजिलेंस टीम ने छापेमारी की है.
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है. ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी की टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की है. गुरुवार को निगरानी की विशेष टीम ने कटिहार के गौशाला स्थित उनके किराये के मकान समेत चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. कटिहार स्थित आवास पर सुबह करीब दिन के 1 बजे शुरू हुई तलाशी कई घंटों तक चली. वहीं, सासाराम में उनके दूसरे आवास की तलाशी के दौरान करीब छह घंटे की कार्रवाई में जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए.
भागलपुर के रहने वाले हैं अजीत दास
अजीत कुमार दास वर्तमान में सासाराम में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता के पद पर पदस्थापित हैं. मूल रूप से भागलपुर जिले के नवगछिया निवासी अजीत दास के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की गोपनीय शिकायत मिली थी. इसके बाद निगरानी विभाग ने प्रारंभिक जांच की. जांच में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला सामने आने की बात कही गई है. इसी आधार पर पटना स्थित निगरानी थाना में मामला दर्ज किया गया.
10 साल से कटिहार में रह रहे
निगरानी टीम ने कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र अंतर्गत गौशाला स्थित किराये के मकान में तलाशी अभियान चलाया. बताया जाता है कि अजीत कुमार दास पिछले करीब दस वर्षों से इस मकान में रह रहे थे. वाहनों से पहुंची टीम ने आवास में मौजूद संपत्ति के दस्तावेज, वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजात और अन्य महत्वपूर्ण सामग्रियों की जांच की.
किराये के आवास पर भी तलाशी
इसी कार्रवाई के तहत सासाराम में भी उनके किराये के आवास की तलाशी ली गई. पोस्ट ऑफिस चौक के पास गौशाला चौक स्थित सुरेश सिंह के मकान में छह सदस्यीय निगरानी टीम ने दोपहर करीब एक बजे तलाशी शुरू की, जो लगभग छह घंटे तक चली. इस दौरान अजीत कुमार दास स्वयं मौके पर मौजूद थे. कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे सीनियर डीएसपी संतोष कुमार ने बताया कि तलाशी में जमीन की रजिस्ट्री से संबंधित कई दस्तावेज और अन्य कागजात बरामद हुए हैं. इन दस्तावेजों में दर्ज संपत्ति का मूल्यांकन कराया जाएगा. इसके बाद ही संपत्ति की वास्तविक कीमत का पता चल सकेगा. फिलहाल निगरानी विभाग की जांच समाप्त हो गई है.
आय से अधिक संपत्ति का मामला
जांच में करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये की आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आने के बाद यह कार्रवाई की जा रही है. पटना, कटिहार, सासाराम, नवगछिया और भागलपुर में निगरानी की टीम गृह तलाशी अभियान चला रही है. अजीत कुमार दास पूर्व में भागलपुर डिवीजन में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात थे, जबकि वर्तमान में उनकी पोस्टिंग सासाराम में है.
यह भी पढ़ें ; बिहार में 4 सरकारी अधिकारियों पर गिरी गाज, दाखिल-खारिज में लापरवाही से गलत जाति प्रमाण पत्र तक के आरोप