SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

भागलपुर में पूर्व मुखिया पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 4 गोलियां लगने से हालत गंभीर, ग्रामीणों ने दो हमलावरों को दबोचा

नवगछिया में कदवा थाना क्षेत्र के पकड़वासा और कासिमपुर गांव के बीच शनिवार शाम अपराधियों ने पूर्व मुखिया अजय सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. बदमाशों ने उन्हें चार गोलियां मारीं, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई.

Edited By Rupak Kumar
Published: Nov 14, 2026, 22:32 IST | Updated: Nov 14, 2026, 22:47 IST
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)
Join

बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया के कदवा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम अपराधियों ने पूर्व मुखिया अजय सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. यह वारदात पकड़वासा और कासिमपुर गांव के बीच शाम करीब 4:30 बजे हुई. इस दौरान बदमाशों ने अजय सिंह को निशाना बनाते हुए चार गोलियां मारीं. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया गया.

अचानक फायरिंग शुरू कर दी

मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व मुखिया अजय सिंह एक ग्रामीण के घर से प्रसाद लेकर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और अचानक फायरिंग शुरू कर दी. हमले के दौरान अपराधियों ने लगातार गोलियां चलाईं, जिससे अजय सिंह को चार गोलियां लग गईं. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से भागने लगे. गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े. इसी दौरान ग्रामीणों ने भाग रहे दो आरोपितों को खदेड़कर पकड़ लिया.

पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है

ग्रामीणों के हत्थे चढ़े दोनों आरोपितों की पहचान मोहन सिंह और आशीष कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस फिलहाल दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है और गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हमले के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस की जांच के बाद ही फायरिंग की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

पुरानी रंजिश को लेकर चर्चाएं तेज 

इस घटना को 13 अक्टूबर को हुई एक अन्य हत्या से जोड़कर भी देखा जा रहा है. इससे पहले खोखा सिंह के बेटे ज्योतिष की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. अब पूर्व मुखिया अजय सिंह पर हुए जानलेवा हमले के बाद इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. पुलिस दोनों घटनाओं के बीच किसी संभावित संबंध की जांच कर रही है. फिलहाल घायल अजय सिंह का इलाज बेगूसराय में कराया जा रहा है. वहीं, कदवा थाना पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपितों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है.

रिपोर्ट: जी मीडिया

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES