App

पति-पत्नी के मर्डर से थर्राया नवगछिया, इलाके में दहशत, 1 आरोपी हिरासत में

भागलपुर में दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई है. नवगछिया पुलिस जिला के इस्माइलपुर इलाके में एक विवाहित जोड़े की गोली मारकर हत्या कर दी गई. हमलावरों ने सोते हुए रंजन मंडल पर गोलियां चलाईं. इसके बाद, वहां से गुजर रहीं उनकी पत्नी किरण देवी को भी गोली मार दी गई.

पति-पत्नी के मर्डर से थर्राया नवगछिया, इलाके में दहशत, 1 आरोपी हिरासत में
Image Credit: भागलपुर डबल मर्डर (जी मीडिया)

बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत इस्माईलपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार (22 अक्तूबर, 2026) की अहले सुबह अपराधियों ने एक दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतकों की पहचान रंजन मंडल और उनकी पत्नी किरण देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया. नाराज ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची पुलिस को शव उठाने से रोक दिया और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की.

सो रहे थे, तभी अपराधियों ने किया हमला

मिली जानकारी के अनुसार, रंजन मंडल और उनकी पत्नी किरण देवी इस्माईलपुर हटिया में चाय-नाश्ते की दुकान चलाते थे. गुरुवार सुबह करीब तीन-चार बजे दोनों अपनी दुकान में सो रहे थे. इसी दौरान अपराधियों ने हमला कर दिया. हमले में रंजन की मौके पर ही मौत हो गई.

घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़

पति को गोली लगने के बाद किरण देवी जान बचाने के लिए भागने लगीं, लेकिन अपराधियों ने उन्हें भी गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल किरण देवी ने भी दम तोड़ दिया. दोनों की हत्या की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. आक्रोशित ग्रामीणों ने शवों को उठाने से रोक दिया. इसके बाद समझाने बुझाने के बाद आक्रोशित लोग शांत हुए.

घटना में शामिल अपराधियों की पहचान

पुलिस ने बताया कि परिजनों की निशानदेही पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है. घटना की सूचना मिलने पर इस्माईलपुर और गोपालपुर थाने की पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस डॉग स्क्वॉड और तकनीकी अनुसंधान की भी मदद ली जा रही है, ताकि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान की जा सके.

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी

इस्माईलपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार के अनुसार, एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है. जांच के बाद घटना के कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

-आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More