बिहार के बेतिया एक चोरी की खबर सामने आ रही है, जहांपुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं. नौतन थाना से चोरी का आरोपी फरार हो गया है. स्थानीय लोगों ने हार्डवेयर दुकान से गल्ला चोरी कर रहे एक नाबालिग को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. इस घटना के बाद पुलिस की काफी किरकिरी हो रही है. मामले में थानाध्यक्ष राजीव कुमार का बयान भी सामने आया है. उन्होंने बताया कि आरोपी नाबालिग था और शौच जाने का बहाना बनाकर थाना से फरार हो गया. आरोपी के थाना से फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
दरअसल, नौतन थाना क्षेत्र के खाप टोला में एक नाबालिग चोर ने हार्डवेयर दुकान से गल्ला चोरी कर लिया था. इसके बाद वह ब्लॉक परिसर में गल्ला तोड़ रहा था. इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया. लोगों ने आरोपी को पकड़कर दुकान पर बैठाया और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया. हालांकि, कुछ देर बाद ही व्यवसायियों को पता चला कि गल्ला चोरी का आरोपी थाना से फरार हो गया है. इस घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों में नाराजगी है.
व्यवसायियों का कहना है कि काफी मशक्कत के बाद गल्ला चोर को रंगे हाथ पकड़ा गया था और पुलिस के हवाले भी कर दिया गया था. इसके बावजूद पुलिस आरोपी को थाने में नहीं संभाल पाई. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर आरोपी थाना से फरार कैसे हो गया? इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं, पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इससे पहले भी बेतिया पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ चुके हैं.दिलशाद अहमद मामले में लापरवाही के कारण उनकी मौत होने का आरोप लगाया गया था. अभी यह मामला पूरी तरह ठंडा भी नहीं हुआ था कि नौतन थाना से चोरी का आरोपी फरार हो गया. ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों के बीच सवाल उठने लगे हैं. लोगों का कहना है कि जब पुलिस थाना में पकड़े गए एक आरोपी की निगरानी नहीं कर पा रही है, तो कानून-व्यवस्था कैसे संभालेगी? अब देखना होगा कि पुलिस फरार आरोपी को कब तक गिरफ्तार कर पाती है.
रिपोर्ट: धनंजय द्विवेदी