ऐसा कौन करता है भाई: बकरी चराने को लेकर दो बहनों में हुआ विवाद, एक ने कर ली आत्महत्या
Begusarai News: बेगूसराय के गढ़पुरा थाना क्षेत्र में छोटी बहन से बकरी चराने को लेकर हुए विवाद के बाद इंटर की छात्रा रूपा कुमारी ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
Begusarai News: बिहार के बेगूसराय से अजीबोगरीब खबर सामने आ रही है, जहां छोटी बहन से बकरी चराने को लेकर हुए विवाद के बाद बड़ी बहन ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना गढ़पुरा थाना क्षेत्र की है. मृतका की पहचान अलौली थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी ओवरसीएल सिंह की पुत्री रूपा कुमारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि ओवरसीएल सिंह लंबे समय से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अपने ससुराल गढ़पुरा में रह रहे हैं.
बकरी चराने को लेकर छोटी बहन से हुआ विवाद
परिजनों के मुताबिक, घर में ही रूपा कुमारी की अपनी छोटी बहन से बकरी चराने को लेकर कहासुनी हो गई थी. इसी विवाद से नाराज होकर रूपा ने कथित तौर पर घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. काफी देर तक रूपा के दिखाई नहीं देने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. इसके बाद घर के अंदर एक कमरे का दरवाजा बंद मिला. परिजनों ने खिड़की तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां रूपा फंदे से लटकी मिली.
कमरे में फंदे से लटका मिला शव
आनन-फानन में परिजनों ने रूपा को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही गढ़पुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है.
ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी रूपा
बताया जा रहा है कि रूपा कुमारी इंटर की छात्रा थी और अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे वास्तव में क्या कारण था.
रिपोर्ट: जितेन्द्र चौधरी