SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बेगूसराय में शर्मनाक घटना, सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता को मुकदमा वापस न लेने पर छत से फेंका, एक आरोपी गिरफ्तार

बेगूसराय में चार महीने पहले सामूहिक दुष्कर्म की शिकार हुई महिला पर एक बार फिर जानलेवा हमला किया गया है. आरोप है कि मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे बदमाशों ने महिला को उसके घर की छत से नीचे फेंक दिया. घायल महिला का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है.

Edited By Rupak Kumar
Published: Nov 11, 2026, 10:44 AM IST | Updated: Nov 11, 2026, 10:59 AM IST
Image Credit: बेगूसराय में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता को मुकदमा वापस न लेने पर छत से फेंका (Zee media)
Join

बिहार के बेगूसराय में मानवता को शर्मसार करने वाली एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है. चार महीने पहले सामूहिक दुष्कर्म की घटना की शिकार हुई महिला पर एक बार फिर जानलेवा हमला किया गया है. आरोप है कि मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे बदमाशों ने महिला को उसके ही घर की छत से नीचे फेंक दिया. करीब 15 फीट नीचे गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. आनन-फानन में उसे इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है. राहत की बात यह है कि महिला फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना चकिया थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी भोगल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.

मुकदमा वापस लेने के लिए लगातार मिल रही थीं धमकियां

दरअसल, बीते 11 जून की रात इसी महिला के साथ पांच आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था. घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच में से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि पांचवां आरोपी बाहर था. पीड़िता के पति का आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोग लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे थे. कई बार घर पहुंचकर गाली-गलौज करने के साथ ही पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी.

ये भी पढ़ें: बिहटा में घर में घुसकर ड्राइवर की गोली मारकर हत्या, भागलपुर में काली विसर्जन जुलूस के दौरान झड़प में युवक घायल

छत से फेंकने का आरोप

पीड़िता के पति के मुताबिक, सोमवार की रात बदमाश अचानक उनके घर पहुंचे. पहले उन्होंने आसपास रहने वाले उनके भाई के घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और फिर छिपकर बैठ गए. कुछ देर बाद जब उनकी भाभी ने दरवाजा खुलवाने के लिए पीड़िता को फोन किया तो वह अपने कमरे से बाहर निकली. इसी दौरान दो बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और छत पर ले गए. आरोप है कि वहां से महिला को नीचे फेंक दिया गया. गिरने से उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपी मौके से फरार हो गए. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि बदमाश सरकारी सहायता के रूप में मिली तीन लाख रुपये की राशि को लेकर दबाव बना रहे थे. उनका दावा था कि महिला के पास 35 लाख रुपये हैं और उसे यह रकम उन्हें देनी चाहिए.

एक आरोपी गिरफ्तार

इधर, घटना की सूचना मिलते ही चकिया थाना पुलिस सक्रिय हुई और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया. मामले को लेकर मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने नामजद आरोपी भोगल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. अब सवाल यह है कि गंभीर अपराध की शिकार महिला को कब तक डर और धमकियों के बीच रहना पड़ेगा? पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए पुलिस और प्रशासन आगे क्या कदम उठाते हैं, यह देखना महत्वपूर्ण होगा.

रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES