SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पार्टी में बुलाकर BBA छात्र के सिर में मारी गोली, दुर्गा पूजा की छुट्टी में आया था छपरा, हालत नाजुक

सारण जिला के छपरा के मशरख में एक बीबीए छात्र प्रियांशु कुमार सिंह को सिर में गोली मार दी गई. परिजनों ने बताया कि प्रियांशु को गांव के कुछ लड़के पार्टी के लिए बुलाकर ले गए थे. इस दौरान उसे गोली मार दी गई. वह पटना से गांव में दुर्गा पूजा की छुट्टी पर आया था.

Edited By Shailendra
Published: Oct 22, 2026, 03:42 PM IST | Updated: Oct 22, 2026, 03:59 PM IST
Image Credit: छपरा में बीबीए छात्र प्रियांशु कुमार सिंह को सिर में मारी गई गोली (Photo- वीडियो ग्रैब)
Join

छपरा के मशरख थाना क्षेत्र के ब्राहिमपुर गोपी महुआरी टोला गांव में दुर्गा पूजा की छुट्टी में घर आए 21 वर्षीय बीबीए छात्र प्रियांशु कुमार सिंह उर्फ सिंटू को सिर में गोली मार दी गई. गंभीर रूप से घायल छात्र को पहले सिवान सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया. परिजनों के मुताबिक, गोरखपुर में भी उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

घायल छात्र की पहचान गांव निवासी संजीव कुमार सिंह के पुत्र प्रियांशु कुमार सिंह के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण एसपी संजय कुमार और डीएसपी संजय कुमार सुधांशु पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली.

पूजा के बाद आयोजित पार्टी में बुलाने की बात

परिजनों के अनुसार, प्रियांशु पटना में रहकर बीबीए की पढ़ाई करता है और दुर्गा पूजा की छुट्टी में गांव आया था. उसके चाचा रौशन कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा समाप्त होने के बाद आयोजित एक पार्टी में गांव के कुछ लड़कों ने प्रियांशु को बुलाया था. रात करीब एक बजे गांव के ही कुछ लड़कों ने घर पहुंचकर सूचना दी कि प्रियांशु को गोली लग गई है और उसे इलाज के लिए सिवान ले जाया गया है. इसके बाद परिजन सिवान सदर अस्पताल पहुंचे. छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया.

घायल ने बताया गोली मारने वाले का नाम

परिजनों का दावा है कि इलाज के दौरान प्रियांशु ने गोली मारने वाले युवक का नाम विक्कू बताया है. परिजनों ने इस दौरान का वीडियो रिकॉर्ड किए जाने की बात भी कही है. हालांकि, गोली किस परिस्थिति में चली, वारदात कहां हुई और इसमें किसकी भूमिका है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

सारण और सिवान पुलिस कर रही छानबीन

मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी संजय कुमार और डीएसपी संजय कुमार सुधांशु ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की. डीएसपी संजय कुमार सुधांशु ने बताया कि मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है. गोली चलने का वास्तविक घटनास्थल अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. घटनास्थल सारण और सिवान जिले की सीमा के आसपास होने की वजह से दोनों जिलों की पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने परिजनों से भी पूछताछ की है.

दो भाइयों में छोटा है प्रियांशु

प्रियांशु दो भाइयों में छोटा है और पटना में रहकर पढ़ाई करता है. दुर्गा पूजा की छुट्टी में घर आए छात्र को गोली मारे जाने की घटना से परिवार के लोग चिंतित हैं. पुलिस अब घटना के पीछे के कारणों, वारदात के वास्तविक स्थल और संदिग्धों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है.

रिपोर्ट: राकेश कुमार सिंह

यह भी पढ़ें: कर्नाटक ​के विधान सौंधा को बम से उड़ाने का AI वीडियो पोस्ट किया, बिहार का युवक हिरासत में

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES