App

बापूधाम महोत्सव में CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान, मोतिहारी को मिलेगी 300 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

Samrat Choudhary: मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 1 से 3 सितंबर तक बापूधाम महोत्सव का आयोजन हो रहा है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मोतिहारी दौरे के दौरान जिले को करीब 300 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देगें.

बापूधाम महोत्सव में CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान, मोतिहारी को मिलेगी 300 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
Image Credit: बापूधाम महोत्सव में CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान, मोतिहारी को मिलेगी 300 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

Samrat Choudhary: बिहार के मोतिहारी स्थित एतिहासिक गांधी मैदान में मंगलवार से तीन दिवसीय बापूधाम महोत्सव की शुरुआत हो रही है. मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी का मोतिहारी का यह पहला दौरा है. इस बापूधाम महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री जिले के लोगों को करीब 300 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात देंगे. इनमें कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन शामिल है. इन परियोजनाओं से पूर्वी चंपारण में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है.

बापूधाम महोत्सव 1 से 3 सितंबर तक चलेगा. प्रत्येक दिन शाम पांच बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. महोत्सव में स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे. पहले दिन प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर के साथ करीना पांडेय और सबिता पांडेय प्रस्तुति देंगी. वहीं बॉलीवुड गायक सलमान अली और अजीत आनंद भी अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे. महोत्सव के अंतिम दिन हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा.

वहीं केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें बापूधाम महोत्सव में आने का सौभाग्य मिला है. उन्होंने कहा कि विरासत के संरक्षण और विकास के लिए पूरी ऊर्जा से काम करने वाले बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हैं. उन्होंने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह की ओर से मोतिहारी में तारामंडल बनाने की बात कही गई है. उन्होंने आश्वासन दिया कि नई योजना बनने के बाद बिहार में यदि पहला तारामंडल बनाया जाएगा तो वह मोतिहारी में ही बनेगा.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि वह मोतिहारी एक नहीं, बल्कि कई महत्वपूर्ण विषयों पर बात करने आए हैं. उन्होंने कहा कि आज राधा मोहन सिंह का जन्मदिन भी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों को सीधे न्याय मिलना चाहिए और गरीबों को न्याय मिलने पर ही सरकार का सपना पूरा होगा. उन्होंने यह भी बताया कि 19 मई से सहयोग शिविर की शुरुआत हुई है. गरीबों को किसी पदाधिकारी के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है. आवेदन देने के बाद 10 दिन में काम नहीं होने पर पहला नोटिस, 20 दिन में दूसरा नोटिस और 25वें दिन तक काम नहीं होने पर तीसरा नोटिस मुख्यमंत्री कार्यालय से भेजा जाता है. उन्होंने दावा किया कि अब तक 96 प्रतिशत से अधिक लोगों को न्याय मिला है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में एक करोड़ ऐसे गरीब लोगों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें राशन कार्ड मिलना चाहिए. इनमें 35 लाख से अधिक लोगों को राशन कार्ड देने का काम किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि 2014 से 2026 तक बिहार में 50 लाख से अधिक पक्के मकान दिए गए हैं और 60 लाख लोगों को अभी पक्का मकान दिया जाना है. उन्होंने बताया कि बिहार में सिंचाई का दायरा बढ़ाकर 41 लाख हेक्टेयर किया गया है. रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि 2020 के चुनाव में 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अब तक 12 लाख नौकरियां और 40 लाख से अधिक रोजगार दिए जा चुके हैं. अगले पांच वर्षों में उद्योगों को बढ़ावा देकर एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर-सिलीगुड़ी और हल्दिया-रक्सौल कॉरिडोर पर काम चल रहा है. रक्सौल में एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है और मोतिहारी को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ा जाएगा. चिरैया में एथलेटिक पार्क, मोतिहारी में 2 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से कॉलेज का जीर्णोद्धार, मेडिकल कॉलेज की स्थापना और शहर में केंद्रीय विद्यालय खोलने की योजनाओं की भी जानकारी दी है. साथ में उन्होंने यह भी कहा कि मोतिहारी में अटल कला भवन बनाया जाएगा और नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा की सुविधा भी यहां उपलब्ध कराने की दिशा में काम होगा. अरेराज मंदिर जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण, मोतीझील के काम को जल्द पूरा करने और मोतिहारी में चीनी मिल शुरू करने की भी घोषणा की. उन्होंने कहा कि बिहार का बजट छह हजार करोड़ रुपये से बढ़कर अब 3 लाख 47 हजार करोड़ रुपये हो गया है. साथ ही महिलाओं को रोजगार से जोड़ने, मछली उत्पादन बढ़ाने, पशु सखी योजना, बकरी पालन और स्टार्टअप के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर भी सरकार काम कर रही है.

रिपोर्ट: रजनीश

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More