)
जमुई में नाबालिग लड़की से छेड़खानी का वीडियो वायरल होने के बाद से बिहार के कई जिलों से ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं. जमुई के बाद समस्तीपुर से भी ऐसा ही मामला सामने आया. इसके बाद अब बांका से भी इसी तरह का एक वीडियो वायरल हुआ है. वायरल हो रहा वीडियो बांका के बौंसी स्थित प्रसिद्ध मंदार पर्वत का है. वायरल वीडियो में कुछ युवक एक लड़की के साथ बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं. पुलिस ने वायरल वीडियो को पुराना बताते हुए जांच शुरू कर दी है. अब इस मामले में बांका पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है.
जबरन 1500 रुपये ट्रांसफर करवाए थे!
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच में सामने पता चला है कि यह वायरल वीडियो 3 जून 2026 का है. वीडिया में नजर आ रहे तीन मुख्य आरोपियों की पहचान हो गई है. उनकी पहचान बांका निवासी अब्दुल्ला, नीतीश कुमार राय और विकास कुमार के रूप में हुई है. सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने लड़की के साथ अभद्रता करने के साथ-साथ उससे जबरन पैसे भी ट्रांसफर करवाए थे. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपी अब्दुल्ला ने युवती के दोस्त को डरा-धमकाकर अपने बैंक खाते में ऑनलाइन 1500 रुपये जबरन ट्रांसफर करवाए थे. ऑनलाइन पैसा ऐंठने के बाद ही आरोपियों ने युवती और उसके दोस्त को वहां से सुरक्षित जाने दिया था.
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे तीनों आरोपितों की पहचान हो चुकी है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है. पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए गुरुवार (24 सितंबर) की रातभर छापेमारी को अंजाम दिया है. जल्द ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा.- इंद्रजीत बैठा, एसडीपीओ, बौंसी थाना
रातभर चली पुलिस की छापेमारी
उधर, छेड़खानी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस-प्रशासन एक्शन में आ गया. पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमितेश कुमार ने इस मामले की जांच के लिए तुरंत एक टीम का गठन कर दिया. बौंसी थाना की पुलिस ने त्वरित संज्ञान लिया और 6 से 7 अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. बौंसी के एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए गठित विशेष पुलिस टीम ने गुरुवार की पूरी रात उनके संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी की. एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस आरोपियों के करीब पहुंच चुकी है और बहुत जल्द तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.