App

बेगूसराय में दुकान बंद कर लौट रहे सोना-चांदी कारोबारियों से लूटपाट की कोशिश, विरोध किया तो बदमाशों ने चला दी गोली

बेगूसराय में दुकान बंद कर घर लौट रहे सोना-चांदी कारोबारियों से लूटपाट की कोशिश की गई. इस दौरान लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग भी कर दी और मौके से फरार हो गए.

बेगूसराय में दुकान बंद कर लौट रहे सोना-चांदी कारोबारियों से लूटपाट की कोशिश, विरोध किया तो बदमाशों ने चला दी गोली
Image Credit: बेगूसराय लूटपाट (जी मीडिया)

बेगूसराय में अपराधियों का हौसला लगातार बढ़ता जा रहा है. बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर हथियार के बल पर सोना चांदी के दुकानदारों से लूटपाट की कोशिश की और विरोध करने पर दो युवकों को गोली मारकर घायल कर दिया. हालांकि, गोली लगने के बावजूद दोनों युवकों ने हिम्मत नहीं हारी और जेवरात से भरा बैग लेकर मौके से भाग निकले. वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना नगर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर स्थित एनएच-31 के पास की है.

जानें क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, ये पूरा मामला नगर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर स्थित एनएच-31 के पास का है, जहां हथियारबंद अपराधियों ने सोना-चांदी के एक दुकानदार को निशाना बनाते हुए लूटपाट की कोशिश की. विरोध करने पर अपराधियों ने दो युवकों को गोली मारकर घायल कर दिया. घायल युवकों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के विष्णुपुर निवासी प्रिंस कुमार और आयुष कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि प्रिंस कुमार की अयोध्या बाड़ी इलाके में सोना-चांदी की दुकान है. दुकान बंद करने के बाद वह अपने दोस्त आयुष कुमार को मोटरसाइकिल पर बैठाकर घर लौट रहा था.

गुस्से में आकर कर दी गोलीबारी

इसी दौरान मोहम्मदपुर स्थित एनएच-31 के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधियों ने दोनों युवकों को हथियार दिखाकर रोक लिया और लूटपाट करने लगे. जब प्रिंस कुमार और आयुष कुमार ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने गुस्से में आकर गोलीबारी शुरू कर दी. इस दौरान दोनों युवक गोली लगने से घायल हो गए. लेकिन गोली लगने के बावजूद दोनों युवकों ने हिम्मत नहीं हारी. अपनी जान बचाते हुए दोनों जेवरात से भरा बैग लेकर वहां से भागने लगे और शोर मचाना शुरू कर दिया. शोर सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर आने लगे.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

इसके बाद तीनों अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. इस घटना के बाद आनन-फानन में घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई. पुलिस अपराधियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है. हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर बेगूसराय में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. 

रिपोर्ट: जितेंद्र चौधरी

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More