जेडीयू से निष्कासित किए जाने के बाद मोकामा विधायक अनंत सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें पार्टी से निकाले जाने का कोई गम नहीं है और न ही उन्हें इससे कोई दिक्कत है. उन्होंने कहा कि जनता मालिक और भगवान है, जो भी फैसला होगा, जनता करेगी. अनंत सिंह ने जेडीयू के भविष्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि नीतीश कुमार ही पार्टी थे और जब नीतीश कुमार ही खत्म हो गए, तो पार्टी भी खत्म हो गई. उन्होंने दावा किया कि जेडीयू का भविष्य खत्म है और इसका पता चुनाव में चल जाएगा.
अनंत सिंह ने आगे कहा कि अब वह अपनी पार्टी बनाएंगे. उन्होंने कहा कि जेडीयू से उन्हें कोई मतलब नहीं है और पार्टी से निष्कासन का फैसला पार्टी के जिम्मेदार लोगों ने लिया होगा. उन्होंने इस कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए कहा कि उन्हें कोई परेशानी नहीं है.
वहीं, नीतीश कुमार से अपने संबंधों को लेकर अनंत सिंह ने स्पष्ट किया कि उनसे उनकी कोई दूरी नहीं है और वह उनसे मुलाकात भी करेंगे. उन्होंने कहा कि वह नीतीश कुमार की कभी बुराई नहीं करेंगे, चाहे वह किसी भी पार्टी में रहें.
अनंत सिंह ने जेडीयू के नेताओं पर भी सवाल उठाए और कहा कि पार्टी में कौन ऐसा नेता है, जो उनसे बात करेगा. उन्होंने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर कहा कि उन्होंने जो भी किया, मजबूती से किया और कोई गलती नहीं की. जनता को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि जनता भगवान है और जो जैसा करेगा, उसे जनता जवाब देगी. अगर वह गलत होंगे, तो जनता उन्हें जवाब देगी और अगर पार्टी गलत होगी, तो पार्टी को जवाब मिलेगा.
बता दें कि जदयू ने मोकामा से विधायक अनंत कुमार सिंह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छह वर्षों के लिए जेडीयू से बाहर कर दिया है. इसी के साथ उनकी पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी को भी छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है.
जेडीयू की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अनंत सिंह पिछले कुछ समय से लगातार पार्टी के निर्देशों की अवहेलना कर रहे थे. उन पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने और हाल ही में संपन्न विधान परिषद चुनाव में पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया गया है.
इनपुट- IANS