App

अनंत सिंह के बगावती तेवर! MLC चुनाव में JDU उम्मीदवार झटका देंगे 'छोटे सरकार'

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिल्ली जाने के बाद से जेडीयू में बिखराव नजर आ रहा है और एक-एक करके बड़े नेता बागी होते जा रहे हैं. मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का नाम भी इसी लिस्ट शामिल हो गया है. 'छोटे सरकार' ने एमएलसी चुनाव में अपनी पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार की जगह अनुज सिंह का समर्थन करने की बात कही है.

अनंत सिंह के बगावती तेवर! MLC चुनाव में JDU उम्मीदवार झटका देंगे 'छोटे सरकार'
Image Credit: अनंत सिंह के बगावती तेवर! (File Photo- Zee Media)

बिहार में विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है. आगामी MLC चुनाव के लिए सत्ताधारी JDU के भीतर बड़ी बगावत देखने को मिल रही है. मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के एमएलसी नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है. 'छोटे सरकार' ने ऐलान किया है कि वह नीरज कुमार का समर्थन नहीं करेंगे, बल्कि उनके खिलाफ मैदान में उतर रहे अनुज सिंह का साथ देंगे. उन्होंने कहा कि जो मेरे साथ रहेगा, हम उसका साथ देंगे. उन्होंने कहा कि जो हमारा साथ नहीं देते हैं, हम उनका साथ क्यों देंगे? उनके इस बयान से सियासी गलियारे में हलचल मच गई है.

JDU में जूतम-पैजार शुरू हो गया- राजद

इस पर RJD के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि स्नातक चुनाव के नोटिफिकेशन के पहले ही जनता दल यूनाइटेड में जूतम-पैजार शुरू हो गया है. राजद नेता ने जेडीयू को भाजपा में मर्ज होने का दावा किया. उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कल ही यह बात कही है. उसका रंग दिखना शुरू हो गया है. अब जेडीयू पार्टी में कोई नहीं रह गया है. शक्ति यादव ने दावा किया कि जेडीयू अब भाजपा की प्रकोष्ठ है. पार्टी के अंदर कई टुकड़े-गैंग हैं और हर गैंग अलग-अलग दल के संपर्क में है. 2029 के पहले ही यह अपना अस्तित्व खो देगी.

कांग्रेस ने बीजेपी पर आरोप लगाया

कांग्रेस प्रवक्ता शिशिर कौण्डिल्य ने कहा कि जनता दल यूनाइटेड आजकल भानुमती का कुनबा हो गया है. उसका कोई मीरा-मउआर (मालिक) नहीं है. अभी तो अनंत सिंह का ही बयान आया है, धीरे-धीरे देखते जाइए और क्या-क्या होता है. कांग्रेस नेता कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसा मीठा जहर है, जिसे जो खाएगा उसका मरना उसका निश्चित है. जनता दल यूनाइटेड की शुरुआत हो चुकी है और धीरे-धीरे उनका कुनबा बिखर जाएगा. भारतीय जनता पार्टी की साजिश उसमें काम कर रही है. आगे-आगे देखिए किस प्रकार से कुनबा बिखरता है. एमएलसी चुनाव से शुरुआत हो जाएगी.

राजद पर जेडीयू का पलटवार

वहीं, इस पर जेडयू के प्रवक्ता नवल शर्मा ने कहा कि आरजेडी को जेडीयू में ताक-झांक करने के बजाय अपने ढहते हुए घर की चिंता करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जेडीयू का प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता नीरज कुमार जी की जीत के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध और समर्पित है. नवल शर्मा ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि पटना स्नातक क्षेत्र की जनता नीरज कुमार जी के विकास, अनुभव और निरंतर सेवा भाव के आधार पर उन्हें फिर से विजयी बनाएगी. इसी मामले में बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि RJD का वजूद ही वंशवाद, परिवारवाद, अंतरकलह, आपसी फूट है. उसके प्रदेश अध्यक्ष कुछ बोलते हैं, तो अध्यक्ष कुछ बोलते हैं. वह दूसरों पर टीका-टिप्पणी करते हैं, यह बिल्कुल शोभा नहीं देता.

बीजेपी ने भी राजद पर तंज कसा

बीजेपी नेता ने कहा कि JDU और NDA में सब ठीक-ठाक है. अगर कहीं कुछ ठीक नहीं है, तो वह RJD है. उनकी यह बेचैनी बड़ी स्पष्ट दिखाई देती है. उनका हर नेता अलग-अलग बयानबाजी करता है. वे दूसरों के घर में झांकने से पहले अपने घर को ठीक कर लें, नहीं तो आने वाले समय में शून्य पर समाप्त हो जाएंगे. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More