इतनी भीड़ तो किसी रैली में भी नहीं होती! अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में अतिथियों की आवक से मोकामा में 10 KM लंबा जाम
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी आज होगी. शादी को यादगार बनाने के लिए पूरा इलाका उत्सव के रंग में रंग गया है. वहीं, करीब 10 बीघे में भव्य पंडाल तैयार किया गया है.
मोकामा विधायक अनंत सिंह के घर इन दिनों शादी की खुशियां छाई हुई हैं. छोटी बेटी शिवांगी की शादी को यादगार बनाने के लिए लदमा गांव में ऐसी तैयारियां की गई हैं कि पूरा इलाका उत्सव के रंग में रंग गया है. लदमा की गलियों से लेकर अनंत सिंह के आवास तक हर तरफ मेहमानों की भीड़ नजर आ रही है. आलम यह है कि शादी में शामिल होने के लिए उमड़े लोगों की वजह से सड़कों पर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई. कई घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे और इस भीड़ से खुद अनंत सिंह भी नहीं बच सके. उन्हें भी जाम का सामना करना पड़ा.
हेलीकॉप्टर से आने वाले अतिथियों के लिए दो हेलीपैड भी तैयार किए गए
शादी का आयोजन किसी बड़े महोत्सव से कम नहीं है. करीब 10 बीघे में भव्य पंडाल तैयार किया गया है, जिसे जयपुर की थीम पर सजाया गया है. मेहमानों के स्वागत के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है. वीआईपी मेहमानों के लिए विशेष पंडाल बनाया गया है. वहीं, हेलीकॉप्टर से आने वाले अतिथियों के लिए दो हेलीपैड भी तैयार किए गए हैं. आयोजन स्थल पर मेहमानों का पहुंचना लगातार जारी है.
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और बृजभूषण शरण सिंह भी पहुंचे
शादी समारोह में कई जानी-मानी हस्तियों के पहुंचने का सिलसिला भी जारी है. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी अनंत सिंह के आवास पर बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे. वहीं, गोंडा के पूर्व सांसद और बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह भी पहुंच चुके हैं. वीआईपी मेहमानों के आने से आयोजन की रौनक और बढ़ गई है.
शिवांगी सिंह की शादी पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर निवासी ऋषिकेश कुमार के साथ हो रही है. इस विवाह समारोह को लेकर बाढ़ और मोकामा के इलाके में खासा उत्साह है. लदमा में उमड़ी भीड़, सड़कों पर गाड़ियों की लंबी लाइन, घुड़दौड़ की तैयारियां और मेहमानों के लिए किए गए भव्य इंतजाम इस शादी को इलाके का बड़ा आयोजन बना रहे हैं.
खाने के इंतजाम में जुटे सैकड़ों कारीगर
शादी में आने वाले मेहमानों की खातिरदारी के लिए भी बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं. देश के अलग-अलग हिस्सों से 500 से ज्यादा हलवाई और कारीगर बुलाए गए हैं, जो पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटे हैं. भोजन बनाने के लिए करीब 300 चूल्हों की व्यवस्था की गई है.
मेहमानों की थाली में बिहारी स्वाद के साथ कई राज्यों के व्यंजन भी शामिल होंगे. लिट्टी-चोखा, पुलाव, पूरी, दाल मखनी, पनीर की सब्जी, रायता, नान और तंदूरी रोटी के अलावा कई तरह की मौसमी सब्जियां परोसी जाएंगी. वहीं, नाश्ते और स्टार्टर के लिए गोलगप्पे, चाट, आलू टिक्की, इडली, डोसा और चाउमीन से लेकर पिज्जा, पास्ता और बर्गर तक के स्टॉल लगाए गए हैं.
शादी में घोड़ों की रेस खास आकर्षण
इस आयोजन में सिर्फ शादी की रस्में ही नहीं, बल्कि घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और दिल्ली से 20 से अधिक घोड़े पहुंचे हैं. रेस के विजेता को प्रथम पुरस्कार के तौर पर महिंद्रा थार दी जाएगी.
बारिश के कारण घुड़दौड़ मैदान में पानी भर गया था, जिससे प्रतियोगिता को लेकर परेशानी खड़ी हो गई थी. इसके बाद अनंत सिंह खुद मैदान में उतर गए. देर रात तक वे तैयारियों का जायजा लेते रहे. मैदान को दुरुस्त करने के लिए ट्रैक्टर लगाए गए, जमीन पर बालू बिछाई गई और रोड रोलर से उसे समतल किया गया. इसके बाद घोड़ों की प्रैक्टिस भी शुरू करा दी गई.
मेहंदी में झूमी नीलम देवी, सजावट ने खींचा लोगों का ध्यान
बेटी की शादी की खुशी परिवार के चेहरों पर साफ दिखाई दे रही है. मेहंदी की रस्म के बाद अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी का डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. वीडियो में वह फिल्मी गानों पर खुशी से झूमती नजर आ रही हैं. वहीं, रात होते ही अनंत सिंह का आवास रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठता है. फूलों और आकर्षक लाइटों से घर को सजाया गया है. लदमा गांव की गलियों में भी तोरण द्वार बनाए गए हैं.
दोपहर से ही लोगों के लिए खाना किया गया शुरू
अंनत सिंह की बेटी की शादी में 5 लाख से अधिक लोगों के लिए खाना बनाया गया. वहीं, बुधवार दोपहर से ही खाने को शुरू कर दिया गया. लोग लाइन में लग कर खाना खा रहे हैं. साथ ही लोगों की लंबी लाइन लगी है. यह रात के 2:00 बजे या उससे अधिक देर तक चलता रहेगा. लोगों का कहना है कि ऐसी शादी कभी नहीं देखा था.
बता दें कि अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी के लिए आज मोकामा का लदमा गांव तैयार है. शादी के लिए अतिथियों का जुटान शुरू हो गया है. मोकामा और लदमा गांव जाने वाले रास्तों पर जाम लग गया है. खुद अनंत सिंह थोड़ी देर के लिए जाम में फंस गए.
उधर, आज ही घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन भी था, लेकिन लोगों की भीड़ जब बिजली के टावर पर चढ़ गई तो फाइनल राउंड रुकवा दिया गया, जो कल पूरा किया जाएगा. उधर, अनंत सिंह के होने वाले दामाद ऋषिकेश अपनी बारात लेकर निकल चुके हैं. अनंत सिंह के कई अतिथि हेलीकॉप्टर से भी पहुंच रहे हैं. ब्रजभूषण शरण सिंह अपने हेलीकॉप्टर से लदमा गांव पहुंच चुके हैं.
वहीं, अनंत सिंह की बेटी की शादी के पंडाल में सांप निकल गया, जिसको एक युवक ने पकड़कर बाहर फेका. इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक ने हाथ में उठा कर ही सांप को फेक दिया.
बाढ़ से चंदन राय और रुपेंद्र श्रीवास्तव की रिपोर्ट