)
मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी छोटी बेटी की शादी की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अपने पैतृक गांव लदमा पहुंचे. यहां उनके स्वागत में काफी संख्या में समर्थक पहले से मौजूद थे. गांव में पहुंचते ही सबसे पहले उन्होंने घुडदौड़ के बारे में जानकारी ली. जिस मैदान में घुड़दौड़ होनी है, उसका अनंत सिंह ने जायजा भी लिया. वे काफी देर तक अपने लोगों के साथ घर के बाहर बैठे रहे. इस दौरान उनसे मिलने वाले लोगों का तांता लगा रहा.
उनके समर्थकों ने बताया कि पूरे बिहार के नामी कलाकार शादी समारोह में शामिल होंगे. फिल्म अभिनेता सोनू सूद, भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह, गायक गुंजन सिंह, उदित नारायण के अलावा कई भोजपुरी कलाकार भी सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगे. मोकामा विधायक अनंत सिंह का फिल्म अभिनेता सोनू सूद के साथ काफी करीबी संबंध रहा है.
बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए सोनू सूद के बिहार पहुंचने पर उन्होंने अपनी गाड़ी भी भेजी थी. कई बार उनके साथ वीडियो कॉल पर बातचीत का वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वे सोनू सूद को अपने घर आने का आमंत्रण देते दिखे थे.
बता दें कि हाल ही में अनंत सिंह काफी चर्चाओं में रहे हैं. उन्होंने बिहार विधान परिषद चुनाव में जनता दल यूनाइटेड के बदले जन सुराज के प्रत्याशी का समर्थन किया था. इसको लेकर पार्टी ने उन्हें 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था. उनकी पत्नी से बीस सूत्री सदस्य का दायित्व भी वापस ले लिया गया था और सरकारी भवन खाली करने का नोटिस दिया गया था.
सबसे बड़ी बात यह कि जेडीयू ने विधानसभा स्पीकर से मांग की है कि अनंत सिंह की पार्टी विरोधी गतिविधियों को देखते हुए उनकी विधायकी कैंसिल कर दी जाए. यही नहीं, दुलारचंद मर्डर केस में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 1 दिसंबर को सरेंडर करने को कहा है. बीच में चर्चा चली थी कि अनंत सिंह अपनी पार्टी बना सकते हैं, लेकिन अब यह इतना आसान नहीं दिख रहा है.