SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

CCTV और AI का चला जादू: गयाजी पितृपक्ष मेले में चोरों का खेल खत्म, 44 मोबाइलों के साथ दबोचे गए 7

पितृपक्ष मेले में श्रद्धालुओं के साथ हो रही चोरी की घटनाओं का गया पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने चोरी के आरोप में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की गिरफ्त में आए इन आरोपियों के पास से 44 मोबाइल फोन, 24 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं.

Edited By Shailendra
Published: Oct 02, 2026, 04:53 PM IST | Updated: Oct 02, 2026, 05:02 PM IST
Image Credit: गया पुलिस ने शिकंजे में लिया शातिर चोर गिरोह (Photo-AI)
Join

गयाजी के पितृपक्ष मेले में श्रद्धालुओं की जेब पर हाथ साफ करने वाले मोबाइल चोर गिरोह पर गया पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है. इस बार पुलिस की नजर सिर्फ CCTV फुटेज तक सीमित नहीं रही, बल्कि AI तकनीक की मदद से संदिग्धों के हुलिए, कपड़ों और मूवमेंट का विश्लेषण कर गिरोह तक पहुंच बनाई गई. कार्रवाई में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर 44 मोबाइल फोन, 24 हजार रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं.

AI ने खोली चोरों की पूरी कुंडली
दरअसल, पितृपक्ष मेले के दौरान पिछले छह-सात दिनों से लगातार मोबाइल चोरी की शिकायतें पुलिस के सामने आ रही थी. इसके बाद गया पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की. मेला क्षेत्र में लगे 500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. पुलिस ने AI तकनीक की सहायता से संदिग्धों के आने-जाने के रास्ते, कपड़े और गतिविधियों का विश्लेषण किया. इसी तकनीकी सुराग ने पुलिस को मोबाइल चोर गिरोह तक पहुंचने में मदद की.

चोरी के सभी आरोपी असम के रहने वाले
पुलिस की जांच में सबसे पहले धनबाद निवासी पप्पू दत्ता को पकड़ा गया. उसके पास से छह मोबाइल फोन बरामद हुए. पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में अहम सुराग मिले. इसके बाद कोतवाली थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड के पास एक मकान में छापेमारी की गई, जहां से छह अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी असम के रहने वाले हैं और संगठित तरीके से मेला क्षेत्र में मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे.

44 मोबाइल फोन और 24 हजार रुपये नकद बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 44 मोबाइल फोन और 24 हजार रुपये नकद बरामद किए. इसके अलावा हथौड़ी, प्लास, चाकू समेत अन्य सामान भी पुलिस के हाथ लगा है. पुलिस अब बरामद मोबाइलों के IMEI नंबर और अलग-अलग थानों में दर्ज चोरी की शिकायतों का मिलान कर रही है.

मामले की जांच कर रही है पुलिस
पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद बरामद मोबाइलों की पहचान उनके वास्तविक मालिकों से कराई जाएगी. जो श्रद्धालु गया से अपने घर लौट चुके हैं, उन्हें मोबाइल कोरियर के जरिए वापस भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी यानी जिस मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच चोर मोबाइल गायब कर रहे थे, उसी मेले में पुलिस अब तकनीक के सहारे उनके मोबाइल वापस दिलाने की तैयारी में जुट गई है. पुलिस ने जिस मकान से आरोपियों को पकड़ा, उसके मकान मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही है.

मकान मालिक की भूमिका की जांच कर रही है पुलिस
पुलिस के अनुसार, किरायेदारों का उचित सत्यापन नहीं कराने को लेकर मकान मालिक की भूमिका की जांच की जा रही है. गया पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि पितृपक्ष मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पारंपरिक पुलिसिंग के साथ अब CCTV और AI जैसी तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है. मोबाइल चोरों के खिलाफ हुई यह कार्रवाई मेला क्षेत्र में सक्रिय दूसरे गिरोहों के लिए भी बड़ा संदेश माना जा रहा है.

रिपोर्ट: जय प्रकाश कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES