App

शराबबंदी के बीच दरभंगा तक कैसे पहुंचा शराब से लदा ट्रक? पलट गया तो शराबियों की हो गई बल्ले बल्ले, सुबह तक बोतल की लूट

दरभंगा के बहेड़ी थाना क्षेत्र में बघौल-अटहर मुख्य सड़क पर गुरुवार (17 सितंबर) की रात करीब 2 बजे एक ट्रक पलट गया. ट्रक पलटते ही शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं, जिससे लोगों में शराब की बोतलें लूटने की होड़ मच गई.

शराबबंदी के बीच दरभंगा तक कैसे पहुंचा शराब से लदा ट्रक? पलट गया तो शराबियों की हो गई बल्ले बल्ले, सुबह तक बोतल की लूट
Image Credit: शराबबंदी के बीच दरभंगा तक कैसे पहुंचा शराब से लदा ट्रक? पलट गया तो शराबियों की हो गई बल्ले बल्ले (Zee Media)

बिहार में साल 2016 से शराबबंदी कानून लागू है. इस कानून के तहत, प्रदेश में शराब पीने, रखने और बेचने पर पूरी पाबंदी है. ऐसा करने पर जेल जाने की सजा है. इतना ही नहीं शराब की खाली बोतलें भी रखना गैरकानूनी है. इसके बावजूद प्रदेश में शराब पकड़े जाने की खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं. शराब तस्करी का ताजा मामला सामने दरभंगा से सामने आया है. यहां बुधवार देर रात हुए एक सड़क हादसे ने शराबबंदी कानून की धज्जियां उड़ाने के साथ-साथ पुलिस प्रशासन पर बड़े गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

दरअसल, दरभंगा के बहेड़ी थाना क्षेत्र में बघौल-अटहर मुख्य सड़क पर गुरुवार (17 सितंबर) की रात करीब 2 बजे एक ट्रक पलट गया. वैसे तो यह एक दर्दनाक सड़क हादसा था, लेकिन इस हादसे से स्थानीय पियक्कड़ भाई खुश हो गए. दुर्घटना का शिकार हुए ट्रक में बड़े पैमाने पर शराब लोड थी. ट्रक पलटते ही शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं, जिससे लोगों में शराब की बोतलें लूटने की होड़ मच गई. यह लूटपाट सुबह साढ़े 6 बजे तक चलती रही. वहीं, घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई. पुलिस के सामने भी कई लोग बोतल लेकर भाग गए.

बताया जा रहा है कि ट्रक के पलटने के बाद काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और ट्रक में लदी शराब निकालने लगे. सूचना मिलने के बाद पुलिस करीब सुबह 6:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस के पहुंचने तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा थी. ट्रक का नंबर HR 45C 8635 है. ट्रक का चालक फरार बताया जा रहा है. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि लोग अपने साथ जितनी बोतलें ले जा सकते हैं, लेकर जा रहे हैं. वहीं, इस घटना से शराबबंदी को लेकर बड़े सवाल उठ रहे हैं.

सवाल- ये ट्रक दरभंगा कहां से आया?
जवाब- ट्रक का नंबर हरियाणा का है, इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह ट्रक यूपी की तरफ से लाया गया होगा. इसके अलावा नेपाल से भी शराब आ सकती है. बिहार में पश्चिम बंगाल और झारखंड से भी शराब तस्करी की जाती है, इसलिए यह शराब इन राज्यों से भी आ सकती है.

सवाल- ट्रक ने कितने जिले पार किए होंगे?
जवाब- अगर शराब की यह खेप यूपी से आई है, तो ट्रक सारण के रास्ते बिहार में प्रवेश किया होगा और मुजफ्फरपुर से होते हुए दरभंगा पहुंचा होगा. अगर नेपाल से शराब आई तो सीतामढ़ी या मधुबनी जिला पार करना पड़ा होगा. बंगाल या झारखंड से यहां तक आने में कम से कम 5 जिलों को पार करना पड़ा होगा.

सवाल- पुलिस क्या कर रही थी?
जवाब- यहां तक शराब की खेप पहुंचने का मतलब है पुलिसिया सिस्टम की नाकामी. कई मामलों में स्थानीय स्तर पर पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई न करने या तस्करों से सांठगांठ के गंभीर आरोप लगते रहे हैं. इस मामले में भी इसी तरह की आशंका नजर आ रही है.

दूसरी ओर, बेतिया के इनरवा थाना पुलिस ने 138 लीटर देशी शराब बरामद किया है. पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है. आरोपियों के पास से तीन बाइक को जब्त किया गया है. जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन बाइक पर सवार चार शराब कारोबारी भारी मात्रा में देशी शराब की खेप गांव में पहुंचाने वाले हैं. इस खबर पर पुलिस ने जाल बिछाकर इनरवा पिंडारी के ईदगाह के पास तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. अभियुक्तों के पास 138 लीटर देशी शराब बरामद हुई है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More